
गोदाम में लगी आग
वाराणसी: राजातालाब इलाके में एक कपड़े के गोदाम में गुरुवार की दोपहर आग लग गई। बताया जा रहा है कि आग धीरे-धीरे फैलती गई और पास ही स्थित कोल्ड ड्रिंक के गोदाम को भी अपनी चपेट में ले लिया। इस दौरान दोनों गोदाम में फंसे करीब एक दर्जन से अधिक लोगों को पुलिस व फायर ब्रिगेड की टीम ने रेस्क्यू कर बाहर निकाला है।
दरअसल, राजातालाब इलाके में रूपचंद कटरा का कपड़े का गोदाम है। गुरुवार की दोपहर अचानक गोदाम में चिंगारी भड़की और आग लग गई। इस दौरान गोदाम में रखे हुए कपड़े जलने लगे। बताया जा रहा है कि त्रिभुवन प्रसाद केसरी नामक एक व्यापारी का भी कपड़ा इसी गोदाम में रखा हुआ था जो जलकर राख हो गया है।
कपड़े के गोदाम में आग लगने के बाद यह तेजी से फैलने लगी और पास ही स्थित कोल्ड ड्रिंक के गोदाम को भी अपनी चपेट में ले लिया। इस दौरान कोल्ड ड्रिंक की बोतलें भी इस आग की घटना में जलकर राख हो गई हैं। बताया जा रहा है कि करीब 15 से 20 लाख रुपए का नुकसान इस आग के कारण हो गया है।
कपड़ा व्यवसाई त्रिभुवन प्रसाद केसरी ने बताया है कि वह गोदाम से कपड़े निकालने के लिए अंदर गए हुए थे, तभी लोगों ने बताया कि आग लग गई है। जब उन्होंने शटर उठा कर देखा तो अंदर आग ने विकराल रूप ले लिया था और सारे कपड़े जल रहे थे। आग लगने की घटना के बाद आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और पानी से आग पर काबू पाने का प्रयास करने लगे।
बताया जा रहा है कि इस दौरान गोदाम के अंदर 15 लोग फंस गए थे। इसी बीच आसपास के लोगों ने घटना की जानकारी पुलिस को दे दी। इसके बाद पुलिस मौके पर पहुंची। वहीं, फायर ब्रिगेड को भी इस बारे में जानकारी दी गई। मौके पर पहुंची पुलिस की टीम और फायर ब्रिगेड की टीम ने अंदर फंसे लोगों को बाहर निकलने का काम शुरू किया और सीढ़ी की मदद से छत के सहारे सभी लोगों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया।
घटना की जानकारी होने के बाद डीसीपी गोमती जोन नीतू कादयान भी मौके पर पहुंच गईं। इसके बाद आग पर काबू पाने का प्रयास शुरू किया गया। बताया जा रहा है कि करीब एक घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद फायर ब्रिगेड की टीम ने आग पर काबू पा लिया है। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि प्रथम दृष्टया आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट है, फिर भी मामले में जांच की जा रही है और सही वजह का पता लगाया जा रहा है। पुलिस ने बताया कि मौके पर किसी के हताहत होने की जानकारी सामने नहीं आई है। हालांकि, इस आग के कारण लाखों रुपए का नुकसान हुआ है।
Published on:
16 Apr 2026 01:55 pm
बड़ी खबरें
View Allवाराणसी
उत्तर प्रदेश
ट्रेंडिंग
