बीती देर रात हुई घटना, सुबह घर लौट कर आयी पत्नी
वाराणसी. सीएम योगी आदित्यनाथ बनारस में होने वाले प्रवासी सम्मेलन के पहले सुरक्षा व्यवस्था को ठीक करने का निर्देश दे रहे हैं लेकिन बदमाशों पर पुलिस का खौफ नहीं दिखायी दे रहा है। बीती देर एक घटना ने पुलिस प्रशासन में हड़कंप मचा दिया है। चोलापुर थानाक्षेत्र के भठौली में बीती देर रात बदमाशों ने आभूषण व्यवसायी से लूट करने के बाद उसकी पत्नी को अगवा कर लिया। आधे रास्ते में बदमाशों ने पत्नी को छोड़ दिया तो सोमवार सुबह वह किसी तरह घर पहुंची। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस प्रशासन सक्रिय हो गया है और जल्द ही बदमाशों को पकडऩे का दावा किया जा रहा है। पुलिस को घटना स्थल से टूटी हुई चूडिय़ां, साड़ी एंव अन्य कपड़े मिले हैं।
यह भी पढ़े:-बसपा ने दिया कांग्रेस व सपा को तगड़ा झटका, पीएम नरेन्द्र मोदी को मिली राहत
गाजीपुर के सादात क्षेत्र के मंगारी पट्टी गांव के आभूषण व्यवसायी संजय बीती देर रात अपनी पत्नी, बच्चों व रिश्तेदार के साथ मंगारी चट्टी से सिसवा के लिए निकले थे। परिवार चार पहिया वाहन पर सवार था और संजय साथ में बाइक से चल रहा था। इसी बीच संजय की पत्नी को मिचली आने लगी। इस पर संजय ने पत्नी को कार से उतार कर बाइक पर बैठा लिया। संजय अभी भठौली स्थित पेट्रोल पंप के पास ही पहुंचे थे कि पिकअप सवार पांच बदमाशों ने ओवरटेक करके बाइक को रोक दिया। बदमाशों ने संजय को तमंचा सटा दिया। इसके बाद मोबाइल, पैसे व जेवरात लूटने के बाद तमंचे के बल पर पत्नी को पिकअप में बैठा कर निकल गये। संजय ने घटना की जानकारी पुलिस को दी। इसके बाद पुलिस भी तुरंत ही सक्रिय हो गयी। पत्नी के अगवा हो जाने पर सारा परिवार परेशान हो गया। सुबह तब पत्नी घर पहुंची तो सभी लोगों ने राहत की सांस ली। संजय की पत्नी ने बताया कि बदमाशों ने उसे गाजीपुर के नंदगंज के पास पिकअप से उतार दिया था इसके बाद वह किसी तरह घर पहुंची। संजय के अनुसार बदमाशों ने सात हजार रुपये, तीन मोबाइल व पत्नी के 30 हजार मूल्य के जेवर लूट लिए हैं। सुबह होने पर घटना स्थल पर एसपीआरए अमित कुमार व क्राइम ब्रांच प्रभारी विक्रम सिंह भी पहुंचे थे जिन्होंने जल्द ही खुलासा करने का दावा किया है।
यह भी पढ़े:-एससी/एसटी एक्ट के बहाने बीजेपी ने पहली बार साधा यह निशाना, यूपी चुनाव 2017 के प्रयोग में मिली थी सफलता