वाराणसी

T20 World cup final: बुनकरों ने भारतीय टीम के लिए बनाई स्पेशल साड़ी, खिलाड़ियों को किया कूरियर, बोले- फिर आएगा वर्ल्डकप

काशी के बुनकरों ने भारतीय क्रिकेट टीम के लिए एक स्पेशल बनारसी साड़ी तैयार की है। इन साड़ियों पर भारत द्वारा जीते गए सभी वर्ल्डकप की तस्वीर छपी है। बुनकरों ने इन साड़ियों को खिलाड़ियों को कूरियर किया है...
2 min read
Mar 08, 2026
Feature image
भारतीय टीम के लिए बनाई गई साड़ी pc-patrika

वाराणसी: टी20 विश्व कप के फाइनल मुकाबले में आज भारतीय टीम न्यूजीलैंड के खिलाफ मैदान में उतरेगी। इसको लेकर पूरे देश में उत्साह का माहौल है। क्रिकेट फैन्स चाहते हैं कि भारतीय टीम जीतकर एक और वर्ल्ड कप अपने नाम करे। इसी को लेकर वाराणसी के बुनकरों ने एक खास साड़ी तैयार की है, जिसे भारतीय क्रिकेट टीम के प्लेयर्स को कूरियर किया गया है।

एक साड़ी की लागत 20 हजार रुपए

काशी के बुनकरों ने करीब 1 महीने की मेहनत से इन साड़ियों को तैयार किया गया है। खास बात यह है कि यह साड़ियां हैंडलूम पर बनाई गई हैं और इनमें जरी का भी काम किया गया है। काशी के बुनकर सर्वेश ने बताया कि इसकी लागत को उन्होंने अपनी जेब से वहन किया है। हालांकि, एक साड़ी की कीमत करीब 20 हजार रुपए के आसपास है। सर्वेश ने बताया कि देश के लिए खेलने वाले इन क्रिकेटरों के सामने इन पैसों की कोई कीमत नहीं है।

भारत द्वारा जीते गए सभी वर्ल्डकप की बनी है तस्वीर

सर्वेश के मुताबिक, उन्होंने अपने कारखाने में इन साड़ियों को तैयार करवाया है। उन्होंने बताया कि इसमें चांदी से जरी का काम किया गया है और भारत अब तक जितने भी वर्ल्ड कप जीता है, इन साड़ियों पर उन्हें दर्शाया गया है। खास बात यह है कि टी20 वर्ल्ड कप 2026 का भी इस साड़ी पर दर्शाया गया है। बुनकरों ने बताया कि उन्हें उम्मीद है कि भारतीय टीम इस किताब को जीतेगी इसीलिए इसे दर्शाया गया है।

खिलाड़ियों को किया गया कूरियर

सर्वेश ने रेशम से बनी इन साड़ियों को पैक करके भारतीय क्रिकेट खिलाड़ियों को कूरियर किया है। इस दौरान हर एक साड़ी के डिब्बे पर भारतीय क्रिकेटर के साथ-साथ उनकी पत्नियों की तस्वीर भी लगी हुई है। अविवाहित खिलाड़ियों की तस्वीर भी पैकिंग के डब्बे पर लगाई गई है। सर्वेश ने बताया कि इस बार भारतीय टीम का उत्साह हाई है, इसीलिए हमें उम्मीद है कि टी20 वर्ल्ड कप 2026 का खिताब भारत को ही मिलेगा।

Updated on:
08 Mar 2026 08:34 am
Published on:
08 Mar 2026 08:34 am