वाराणसी

Varanasi News: जमीनी विवाद में दो पक्षों में चले ईंट-पत्थर, एक पक्ष ने की हवाई फायरिंग, आरोपी फरार

Varanasi crime news: वाराणसी के शिवपुर थाना क्षेत्र के लोढ़ान गांव में रविवार को एक जमीन पर निर्माण कार्य को लेकर दो पक्ष आमने-सामने आ गए। मामूली कहासुनी देखते ही देखते हिंसक झड़प में बदल गई...
2 min read
Jul 19, 2026
Varanasi news
Pc-Patrika

Firing in Varanasi :वाराणसी के शिवपुर थाना क्षेत्र के लोढ़ान गांव में रविवार को एक जमीन पर निर्माण कार्य को लेकर दो पक्ष आमने-सामने आ गए। मामूली कहासुनी देखते ही देखते हिंसक झड़प में बदल गई। दोनों पक्षों के बीच जमकर मारपीट और पथराव हुआ। आरोप है कि इसी दौरान एक पक्ष के युवक ने तमंचे से फायरिंग कर दी और मौके से फरार हो गया। घटना में एक अधिवक्ता घायल हो गए। वहीं, सूचना पर पहुंची पुलिस ने हालात पर काबू पाया और मामले की जांच शुरू कर दी है।

दोनों पक्ष पेशे से अधिवक्ता

जानकारी के मुताबिक, शिवपुर थाना क्षेत्र के फंटासिया वॉटर पार्क के पास स्थित एक जमीन पर अतुल उपाध्याय अपने समर्थकों के साथ निर्माण कार्य कराने पहुंचे थे। इसी दौरान दूसरे पक्ष के सौरभ उपाध्याय और उनके साथ मौजूद लोगों ने निर्माण कार्य का विरोध किया। दोनों पक्षों के बीच पहले कहासुनी हुई, लेकिन कुछ ही देर में विवाद बढ़ गया और दोनों ओर से मारपीट शुरू हो गई। इसके बाद ईंट-पत्थर व लाठी-डंडे भी चलने लगे, जिससे इलाके में अफरा-तफरी मच गई।

बताया जा रहा है कि इसी दौरान एक युवक ने कथित रूप से दो राउंड हवाई फायरिंग की। आरोप है कि सौरभ उपाध्याय ने तमंचे से गोली चलाई और इसके बाद मौके से फरार हो गया। फायरिंग से क्षेत्र में दहशत फैल गई। वहीं, मारपीट की इस घटना में अधिवक्ता रविकांत उपाध्याय घायल हो गए। उनके हाथ में चोट आई, जिसके बाद पुलिस ने उन्हें तत्काल उपचार के लिए अस्पताल भिजवाया। बताया जा रहा है कि दोनों पक्ष पेशे से अधिवक्ता हैं और संबंधित जमीन को लेकर लंबे समय से विवाद चल रहा है।

क्या बोली पुलिस

घटना की जानकारी मिलते ही शिवपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण करने के साथ ही आसपास के लोगों से पूछताछ की। घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए गए हैं और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है। पुलिस का कहना है कि मामले की सभी पहलुओं से जांच की जा रही है। पुलिस ने बताया है कि इस दौरान मौके से दो खोखा कारतूस बरामद किए गए हैं। दोनों पक्षों के आरोपों के आधार पर विधिक कार्रवाई की जाएगी। वहीं, फायरिंग के आरोपी सौरभ उपाध्याय की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम लगातार दबिश दे रही है।

Updated on:
19 Jul 2026 01:36 pm
Published on:
19 Jul 2026 01:36 pm