वाराणसी

न्यायपालिका पर पूरा भरोसा, फर्जी मुकदमे में फसाया गया: वाराणसी के टकसाल शूटआउट मामले में आरोपी अभय सिंह

टकसाल सिनेमा के बाहर 24 साल पहले हुए शूटआउट मामले में आरोपी बनाए गए विधायक अभय सिंह ने कहा है कि पिछले 24 सालों से वह फर्जी मुकदमे में परेशान हो गए हैं...

less than 1 minute read
Apr 15, 2026
विधायक अभय सिंह

वाराणसी: कैंट थाना क्षेत्र के टकसाल सिनेमा के बाहर 24 साल पहले हुए शूटआउट मामले में आरोपी बनाए गए विधायक अभय सिंह ने कहा है कि पिछले 24 सालों से वह फर्जी मुकदमे में परेशान हो गए हैं। दरअसल, इस मामले में पीड़ित पक्ष पूर्व सांसद धनंजय सिंह ने आरोप लगाते हुए मुकदमा दर्ज कराया था, जिसमें वाराणसी के न्यायालय में बुधवार (आज) को फैसला आ सकता है।

पूर्व सांसद धनंजय सिंह ने आरोप लगाया था कि जब वह अपने एक परिचित के यहां से वापस जौनपुर लौट रहे थे, इस दौरान कैंट थाना क्षेत्र के टकसाल सिनेमा के बाहर चार पहिया वाहन से आए विधायक अभय सिंह वा एमएलसी विनीत सिंह और उनके कुछ समर्थकों ने फायरिंग की थी। इस घटना में पूर्व सांसद धनंजय सिंह के गनर और ड्राइवर को गोली लग गई थी।

इसी मामले में आज वाराणसी के एमपी एमएलए कोर्ट में फैसले की घड़ी है और इस मामले में कोर्ट आज अपना फैसला सुना सकता है। इसी दौरान वाराणसी पहुंचे विधायक अभय सिंह ने कहा है कि उन्हें फर्जी मुकदमे में फंसाया गया है। वह पिछले 24 सालों से परेशान हैं। उन्होंने कहा है, "हमें न्याय की उम्मीद है, न्यायालय जो भी फैसला देगा वह मान्य होगा। फिलहाल, न्यायपालिका पर हमें पूरा भरोसा है, फैसला हमारे हक में आएगा।"

दरअसल, यह मामला सन 2002 का है। इस मामले में घायल हुए पूर्व सांसद धनंजय सिंह के वाहन चालक और गनर को मलदहिया स्थित एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया था, जिसके बाद उन्हें हायर सेंटर के लिए लखनऊ रेफर किया गया। इस मामले में वादी और प्रतिवादी पक्ष की तरफ से बहस कोर्ट में पूरी हो चुकी है।

Published on:
15 Apr 2026 01:07 pm
Also Read
View All