
नई दिल्ली। महाराष्ट्र में समुद्री तट पर मछली पकड़ने गए कुछ मछुआरों की उस वक्त सांसें थम गई, जब उनकी जाल में मछली के बजाए एक विशाल रहस्यमयी जीव आकर फंस गया। पूरा मामला सिंधुदुर्ग जिले के विजयदुर्ग का है, जहां सुबह मछली पकड़ने गए मछुआरों के साथ ये घटना घटी। मछुआरों के हाथ आए इस अजीबो-गरीब समुद्री जीव की सूचना जैसे ही आस-पास के इलाकों में मिली, वहां भारी संख्या में लोग इकट्ठे हो गए। समुद्र से पकड़े गए रहस्यमयी जीव को देखने के बाद केवल मधुआरे ही नहीं बल्कि स्थानीय लोग भी दहशत में आ गए। क्योंकि जाल में फंसा जीव कोई साधारण जीव नहीं था।
जानकारी के मुताबिक इस रहस्यमयी जीव की लंबाई 15 फीट के आस-पास है। इतना ही नहीं जीव के कुल 32 दांत हैं जो मुंह के बाहर हैं और बिल्कुल ब्लेड की तरह खतरनाक हैं। इस रहस्यमयी जीव का वजन करने पर पता चला कि यह 700 किलो का है। रहस्यमयी जीव को पकड़ने वाले मछुआरों ने बताया कि उन्होंने इससे पहले अपने जीवन में कभी भी ऐसा अजीबो-गरीब जीव नहीं देखा था। मछुआरों ने बताया कि जीव की मौत हो चुकी है। उन्होंने आशंका जताई कि जाल में फंसने से पहले ही वह घायल होगा, जो बाद में जाल से बाहर निकलने की कोशिश में बुरी तरह से ज़ख्मी हो गया होगा जिससे उसकी मौत हो गई।
यहां के स्थानीय लोगों और मछुआरों की मानें तो महाराष्ट्र के सिंधुदुर्ग इलाके में कई प्रकार के अजीबो-गरीब समुद्री जीव पाए जाते हैं। जो शिकार के समय उनके जाल में फंस जाते हैं, और उनकी प्रजाति भी दुर्लभ किस्म की होती है। बताते चलें कि अभी हाल ही में भारत समेत विश्व के कई हिस्सों में समुद्र तट से एक के बाद एक कई रहस्यमयी जीव मिले हैं, जिनकी प्रजातियों को लेकर सोशल मीडिया पर काफी हलचल मची हुई है। सोशल मीडिया यूज़र्स इन जीवों को अलग-अलग नाम और प्रजाति का बता रहे हैं।