
नई दिल्ली। हरियाणा के रोहतक से एक बेहद ही हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है। यहां एक दंपति का 12 साल का रिश्ता ऐसे अनोखे अंदाज़ में खत्म हुआ, जिस पर यकीन करना मुश्किल ही नहीं नामुमकिन है। दरअसल महिला का पति आए दिन उस पर अत्याचार करता था और उसके साथ मारपीट भी करता था। बीते रक्षाबंधन के दिन दोनों के बीच एक बार फिर से ज़बरदस्त झगड़ा हुआ। जिसके बाद महिला ने ऐसा खौफनाक कदम उठाया, जिसे देख पति के पैरों के नीचे से जमीन खिसक गई। पति ने कहा कि उसकी पत्नी ने उसे राखी बांध दी, तो अब वह उसकी बहन बन चुकी है। तो वहीं महिला भी अपने इस कदम से निराश नहीं है। महिला ने कहा कि उसका पति शराबी है, इसलिए वह पति के साथ नहीं रहना चाहती।
दंपति के दो बच्चे भी हैं। जानकारी के मुताबिक पत्नी द्वारा राखी बांधे जाने के बाद शख्स काफी शर्मिंदगी महसूस करने लगा। जिसकी वजह से वह तीन दिन तक तो घर से भी बाहर नहीं निकला और जब अगले दिन घर से निकला तो सीधे पुलिस के पास शिकायत करने पहुंच गया। शख्स ने पत्नी पर आरोप लगाते हुए तलाक की मांग की है। हालांकि पुलिस ने दोनों के बीच आपसी सहमति से समझौता करने के लिए एक कम्युनिटी लायजन ग्रुप के पास भेजा है।
पति ने अपनी पत्नी पर आरोप लगाते हुए कहा कि उसके द्वारा राखी बांधे जाने की बातें पड़ोसियों को भी पता चल गई है। जिसके बाद से वे उसे ताने मार रहे हैं। पति का कहना है कि वह राखी के पवित्र धागे की गरिमा को धूमिल नहीं करना चाहता। इसलिए पत्नी को तलाक देकर उससे अळग होना ही एक अच्छा विकल्प है। तो वहीं दोनों के बीच समझौता करा रहे अधिकारियों का कहना है कि उन्होंने पहली बार ऐसा मामला देखा है। दोनों एक-दूसरे के साथ नहीं रहना चाहते, लेकिन वे बच्चों का हवाला देकर दोनों को समझाने का पूरा प्रयास करेंगे।