
नई दिल्ली। अगर आप 90 के दशक के बच्चे हैं तो ‘शक्तिमान’ के बारे में तो आपको अच्छे से याद ही होगा। जी हां, हम यहां उसी शक्तिमान के बारे में बता रहे हैं जो गंगाधर मायाधर ओंकारनाथ शास्त्री के नाम से गीता विश्वास के साथ प्रेस में फोटोग्राफर था, जो अन्याय के खिलाफ लड़ाई करता था। जिसे एक प्रकार से मसीहा का दर्जा दिया जाता था।
साल 1997 में शुरू हुआ यह शो साल 2005 में खत्म हो गया। उस समय अभिनेता मुकेश खन्ना द्वारा निभाया गया शक्तिमान के इस किरदार से उस दौर के बच्चों की काफी यादें जुड़ी हुई है। आज भी लोग मुकेश खन्ना को इस रोल के लिए याद करते हैं जिसे भूला पाना वाकई में नामुमकिन है।
अब अगर आपसे पूछा जाए कि उस दौर का सुपरहीरो आज कहां है? क्या कर रहा है? किस तरह की जिंदगी जी रहा है तो क्या आप बता पाएंगे? शायद नहीं। आज गुजरे जमाने की यादों को ताजा करते हुए हम आपको बता रहे हैं कि आपका फेवरेट सुपरस्टार ‘शक्तिमान’ लाइमलाइट की दुनिया से दूर किस तरह से अपने दिन काट रहे हैं।
जैसा कि हम जानते हैं कि इन दिनों मुकेश खन्ना लाइटलाइट और ग्लैमर की दुनिया से कोसो दूर हैं, लेकिन इसका मतलब यह कतई नहीं है कि वह गुमनामी की जिंदगी जी रहे हैं या उनके पास काम की कोई कमी है, बल्कि स्थिति बिल्कुल इसके विपरीत है।
60 साल की उम्र में भी आज भी मुकेश खन्ना के पास बहुत काम है। लगभग 8 साल से सिल्वर स्क्रीन से दूर रहे मुकेश खन्ना को आखिरी बार फिल्म ‘बारूद’ में देखा गया था।
इन दिनों आपके फेवरेट ‘शक्तिमान’ यानि कि मुकेश खन्ना युवाओं को एक्टिंग सिखाने का काम कर रहे हैं। जी हां, उनका खुद का एक्टिंग स्कूल है जहां वह लोगों को एक्टिंग की बारीकियों के बारे में बताते हैं। यह एक्टिंग इंस्टिट्यूट चंडीगढ़, आगरा सहित मुंबई में भी है। यहां काफी लोग एडमिशन लेकर एक्टिंग के गुण सीखने के लिए आते हैं। अपने इस काम से मुकेश खन्ना काफी खुश है और एक बेहतर और खुशहाल जिंदगी व्यतीत कर रहे हैं।