
अगर कपड़ों पर च्युइंगम या कोई दूसरे तरह का गोंद चिपक जाए तो उसे आसानी से हटाना संभव नहीं है। खुरचकर हटाने से कपड़े के रेशे कमजोर पड़ सकते हैं या उनका रंग भी फीका पड़ सकता है।
कपड़े को तह करें और गम को बाहर की ओर रखें। अब इसे एक प्लास्टिक बैग में इस तरह रखें कि गम बैग पर न चिपके। बैग को सील करें और फ्रिजर में रख दें।
दो से तीन घंटे बाद इसे बाहर निकालें तो पाएंगे कि गम बहुत ठोस हो चुका है। इसे चाकू जैसी किसी नुकीली चीज से हटाना आसान होता है।
यदि यह तरीका काम नहीं कर रहा है तो आप गम लगे हुए हिस्से को ज्यादा गर्म पानी में डुबो सकते हैं। इस दौरान पुराने टूथब्रश या चाकू से गम को निकालें।
यदि कपड़ा ऐसा है जिसे गर्म पानी में नहीं डुबोया जा सकता तो केतली में गर्म पानी उबालें और उसके मुंह के ऊपर गम को रखें ताकि उसपर सीधी भाप लगे। एक मिनट बाद टूथब्रश से रगड़ें।
नाजुक कपड़ों के लिए एल्कोहॉल या नेल पेंट रिमूवर का भी इस्तेमाल कर सकते हैं।
कंडीशनर का सही इस्तेमाल
बालों का ध्यान रखने वाली महिलाएं शैंपू के बाद कंडीशनर का भी उपयोग करती हैं लेकिन यदि कंडीशनर का सही तरीके से उपयोग नहीं किया जाए तो यह आपको नुकसान भी पहुंचा सकता है।
शैंपू करने के बाद बालों को साफ पानी से अच्छी तरह धो लें। इसके बाद ही कंडीशनर लगाएं।
कंडीशनर को गीले बालों में लगाएं और लगाने के बाद लगभग 5 मिनट तक इंतजार करें। इसके बाद बालों को धो लें। इससे बाल मुलायम और चमकदार होंगे।
यदि आपके बाल पतले हैं तो कंडीशनर कम लगाएं। जरूरत से ज्यादा कंडीशनर भी आपके बालों को नुकसान पहुंचा सकता है।
बालों के नीचे वाले हिस्से में कंडीशनर का एक समान उपयोग करना चाहिए। इससे बालों में हल्कापन महसूस होता है और लंबाई ज्यादा दिखती है।
यदि आपको केमिकल युक्त कंडीशनर से एलर्जी है तो आप आयुर्वेदिक/हर्बल कंडीशनर का भी उपयोग कर सकती हैं। आप केले, दही और शहद जैसी चीजों से होममेड कंडीशनर भी बना सकती हैं। यह सबसे अच्छा है।