
बच्चों को ब्रेड पसंद आती है और इससे बनी सब डिशेज भी उन्हें पसंद होती हैं। आज हम आपको ब्रेड से बनने वाली कुछ डिशेज बताने जा रहे हैं। यह डिशिज खाने में जितनी टेस्टी लगती हैं, बनाने में उससे भी ज्यादा आसान है। यह झटपट तैयार होने वाली रेसिपीज हैं, जिसे आप बच्चों को टिफिन में भी दे सकते हैं।
ब्रेड कॉर्न टोस्ट
सामग्री-
ग्रेन ब्रेड स्लाइस - 4
स्वीट कॉर्न - एक कटोरी
कटी हरी मिर्च - 4
कटा प्याज - एक
नींबू का रस - 1/2 छोटा चम्मच
कटा हरा धनिया - एक छोटा चम्मच
तेल - एक बड़ा चम्मच
चीज क्यूब्स - चार
विधि -
स्वीट कॉर्न को मिक्सी में पीस लें। अब इसमें नमक, हरी मिर्च, प्याज, हरा धनिया, नींबू का रस और एक चीज क्यूब किसकर मिलाएं। ब्रेड स्लाइस के किनारे अलग कर लें और बीच से दो टुकड़ों में काट लें। अब ब्रेड स्लाइस के ऊपर कॉर्न के मिश्रण को चम्मच से अच्छी तरह से लगाएं। एक नॉनस्टिक पैन में कॉर्न वाली साइड से रखकर धीमी आंच पर कॉर्न के पकने तक सेकें। दूसरी ओर भी भूरा होने तक सेकें। ऊपर से चीज क्यूब किसकर सर्व करें।
गार्लिक चीज ब्रेड
सामग्री -
ब्राउन ब्रेड स्लाइस - 4
लहसुन की कलियां - 8
कुटी लाल मिर्च - 1/2 छोटा चम्मच
ऑगिरेनो - चुटकी भर
मक्खन - एक बड़ा चम्मच
नमक - 1/4 छोटा चम्मच
चीज क्यूब- चार
विधि -
लहसुन को किसकर आधा बड़ा चम्मच मक्खन में मिक्स कर लें। अब ब्रेड के एक ओर सादा मक्खन लगाएं और दूसरी ओर लहसुन वाला मक्खन अच्छी तरह से लगाएं। लहसुन वाली साइड पर एक चीज क्यूब कद्दूकस करें। ऊपर से हल्का सा नमक, कुटी लाल मिर्च और ऑरिगेनो बुरकें। अब एक नॉनसिटक पैन में सादे मक्खन वाली साइड से ब्रेड स्लाइस रखें। धीमी आंच पर ढककर 5 से10 मिनट तक पकाएं। एक स्लाइस के चार टुकड़े करके सर्व करें।
चॉकलेटी ब्रेड रोल
सामग्री -
ब्राउन ब्रेड स्लाइस - 8
डार्क चॉकलेट - 100 ग्राम
चॉकलेट एसेंस - 4 बूंद
कंडेंस्ड मिल्क - 2 बड़ा चम्मच
पिसी चीनी - एक बड़ा चम्मच
कटे काजू - 4 से 6
काजू का चूरा - एक बड़ा चम्मच
विधि -
ब्रेड को मिक्सी में बारीक पीस लें। डार्क चॉकलेट को पिघला लें। पिसी ब्रेड में पिघली चॉकलेट, कटे काजू, एसेंस, पिसी चीनी और कंडेंस्ड मिल्क अच्छी तरह से मिलाएं। तैयार मिश्रण के रोल बनाएं और काजू के चूरे में लपेटकर सर्व करें।