विदेश

Colombia Earthquake: 7.4 तीव्रता के भूकंप से अब तक 329 लोगों की मौत, 4,613 लोग घायल और 247 अभी भी लापता

Earthquake In Colombia: कोलंबिया में कुछ दिन पहले आए भूकंप की वजह से मृतकों की संख्या अभी भी बढ़ रही है। इस विनाशकारी भूकंप की वजह से अब मरने वालों का आंकड़ा बढ़कर 329 हो गया है।
2 min read
Aug 24, 2026
Earthquake in Colombia
कोलंबिया में विनाशकारी भूकंप से भारी नुकसान (Photo - Washington Post)

कोलंबिया (Colombia) में 10 अगस्त को आए 7.4 तीव्रता के भूकंप की वजह से देश में जान-माल का भारी नुकसान हुआ। इस विनाशकारी भूकंप की वजह से मरने वालों का आंकड़ा अभी भी बढ़ रहा है। देश की आपदा जोखिम प्रबंधन एजेंसी ने जानकारी दी कि इस भूकंप की वजह से अब तक 329 लोगों की मौत हो चुकी है। इस आंकड़े के अभी और बढ़ने की आशंका से इनकार नहीं किया जा सकता है, क्योंकि अभी भी कई घायलों का अस्पताल में इलाज चल रहा है और कई लोग अभी भी लापता हैं।

247 लोग अभी भी लापता

कोलंबिया में आए इस भूकंप के बाद कई लोग लापता हो गए थे, जिनकी तलाश के लिए सर्च एंड रेस्क्यू ऑपरेशन की शुरुआत की गई। जानकारी के अनुसार अभी भी 247 लोग लापता हैं। भूकंप की वजह से कई घर और इमारतें ध्वस्त होकर मलबे में तब्दील हो गईं और अभी भी उस मलबे को पूरी तरह हटाया नहीं जा सका है। ऐसे में आशंका जताई जा रही है कि कई लोग के अभी भी मलबे के नीचे दबे हो सकते हैं। लापता लोगों की तलाश के लिए सिर्फ राष्ट्रीय ही नहीं, बल्कि अंतर्राष्ट्रीय सर्च एंड रेस्क्यू टीम भी लगातार काम कर रही हैं।

घायलों का आंकड़ा पहुंचा 4,613

कोलंबिया में आए इस भूकंप की वजह से घायलों का आंकड़ा बढ़कर 4,613 हो गया है। अभी भी कई घायल अस्पताल में भर्ती हैं, जहाँ उनका इलाज चल रहा है। जिन घायलों को ज़्यादा चोट नहीं आई थी, उन्हें इलाज के कुछ समय बाद ही अस्पताल से छुट्टी मिल गई थी।

हज़ारों लोग विस्थापित

देश की आपदा जोखिम प्रबंधन एजेंसी के अनुसार भूकंप की वजह से लगभग 277 इमारतें ढह गई हैं और करीब 30,000 घरों को नुकसान पहुंचा है। इस वजह से हज़ारों लोग विस्थापित हो गए हैं।

कहाँ और कब आया भूकंप?

कोलंबिया में आया यह भूकंप भारतीय समयानुसार सोमवार, 10 अगस्त को शाम 6 बजकर 4 मिनट (लोकल समयानुसार सुबह 7 बजकर 34 मिनट) पर सैन जोसे डेल पालमार (San José del Palmar) से 5 किलोमीटर साउथ में आया। 7.4 तीव्रता के इस भूकंप की गहराई 110 किलोमीटर रही।

Updated on:
24 Aug 2026 10:48 pm
Published on:
24 Aug 2026 10:48 pm