Uganda Elections: युगांडा में हाल ही में हुए चुनाव के दौरान हिंसा भड़क उठी। इस वजह से 10 लोगों ने अपनी जान गंवा दी।
अफ्रीकी देश युगांडा (Uganda) में गुरुवार को चुनाव आयोजित हुए। युगांडा में सत्ता में काबिज राष्ट्रपति योवेरी मुसेवेनी (Yoweri Museveni) अपने 40 साल के शासन को बढ़ाने की कोशिश कर रहे थे। उनके सामने मुख्य विपक्षी नेता और लोकप्रिय गायक बॉबी वाइन (Bobi Wine) थे। हालांकि चुनाव निष्पक्ष और शांति से नहीं हुए। चुनाव के दौरान इंटरनेट ब्लैकआउट और सुरक्षा बलों की सख्ती देखी गई। विपक्ष ने चुनाव के दौरान धांधली के आरोप लगाए। चुनाव में इस तरह की व्यवस्था के चलते हिंसा भी भड़क उठी।
युगांडा में हुए चुनाव के दौरान भड़की हिंसा की वजह से हालात काफी बिगड़ गए। बुटंबाला (Butambala) जिले के सांसद मुवांगा किवुंबी (Muwanga Kivumbi) ने दावा किया कि सुरक्षा बलों ने चुनाव के दौरान उनके घर पर हमला किया और इस दौरान 10 अभियान कार्यकर्ताओं की मौत हो गई। किवुंबी की पत्नी ज़ाहारा नामपेवो (Zahara Nampewo) ने बताया कि सुरक्षा बलों ने जब हमला किया, तब 10 अभियान कार्यकर्ता गैरेज में छिपे हुए थे। गोलीबारी की वजह से इन लोगों ने अपनी जान गंवा दी।
चुनाव में धांधली के साथ ही सरकार ने विपक्षी नेता वाइन के खिलाफ भी सख्त एक्शन लिया। जैसे ही वाइन वोट डालकर घर गए, सेना ने उनके घर को घेर लिया और उन्हें नज़रबंद कर दिया। वाइन की पार्टी के कुछ नेता तो यह भी कह रहे हैं कि वाइन को ज़बरदस्ती सेना के हेलीकॉप्टर में किसी अज्ञात स्थान पर पहुंचा दिया गया। गौरतलब है कि चुनाव में बड़े पैमाने पर धांधली की बात सामने आ रही है और इसी वजह से मुसेवेनी की एक बार फिर जीत तय मानी जा रही है।