विदेश

गाजा में इजरायली हवाई हमला, 4 साल के बच्चे समेत 2 की मौत और 7 घायल, सीजफायर पर फिर उठे सवाल

Israel Hamas War: गाजा में रविवार को दो इजरायली हवाई हमलों में 4 साल के बच्चे समेत कम से कम दो लोगों की मौत और सात लोग घायल हुए हैं। हमास ने सीजफायर उल्लंघन का आरोप लगाया है।
2 min read
Aug 23, 2026
Gaza Airstrike news
गाजा में इजरायली हवाई हमला(फोटो-X/@QudsNen)

Gaza Airstrike: गाजा पट्टी में रविवार को इजरायली हवाई हमलों में कम से कम दो लोगों की मौत हो गई, जिनमें एक चार साल का बच्चा भी शामिल है। फिलिस्तीनी स्वास्थ्य अधिकारियों के मुताबिक, दोनों हमलों में सात लोग घायल हुए हैं। पहला हमला मध्य गाजा के जावायदा कस्बे में एक इमारत पर हुआ, जबकि दूसरा पास के नुसेरात शरणार्थी शिविर में किया गया। जावायदा में हुए हमले के बाद मलबे और छर्रे कई मीटर दूर तक फैल गए, जिसकी चपेट में छह लोग आए। इनमें चार साल का मोहम्मद अब्देल-सलाम ताहा भी शामिल था। अस्पताल ले जाने के बाद डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

इमारत खाली करने की चेतावनी के बाद हुआ हमला

मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, स्थानीय निवासियों के मुताबिक, इजरायली सेना ने इमारत के मालिकों को इलाके से निकलने की चेतावनी दी थी। इसके बाद इमारत को निशाना बनाया गया। हमले के बाद इमारत पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और वहां लोहे और कंक्रीट का मलबा बिखर गया। पास में शरण लिए एक विस्थापित फिलिस्तीनी अबू अहमद ने कहा कि इलाके में कोई वास्तविक शांति नहीं है। उसने शांति से रहने और समाधान निकालने की अपील की। दूसरे हवाई हमले की घटना पास के नुसेरात शरणार्थी शिविर में हुई। फिलिस्तीनी स्वास्थ्य अधिकारियों ने दोनों हमलों में हुए नुकसान और हताहतों की जानकारी दी है। इजरायली सेना ने कहा है कि वह दोनों घटनाओं की जांच कर रही है।

सीजफायर के बावजूद जारी हैं इजरायली हमले

अक्टूबर 2025 में अमेरिका की मध्यस्थता में हुआ सीजफायर गाजा में बड़े पैमाने की लड़ाई को रोकने में कामयाब रहा था, लेकिन इसके बाद भी इजरायली सेना की ओर से हमले जारी रहे हैं। इजरायल का कहना है कि ये कार्रवाई हमास और अन्य गाजा सशस्त्र समूहों के संभावित हमलों को रोकने के लिए की जा रही है। इजरायली सेना ने शनिवार देर रात बताया था कि उसने दीर अल-बलाह शहर में हमास के एक वरिष्ठ सदस्य शरीफ अल-हसनात को निशाना बनाकर मार गिराया। सेना के मुताबिक, वह हमास के 'भूमिगत बुनियादी ढांचे' को दोबारा तैयार करने की कोशिशों का नेतृत्व कर रहा था।

हमास ने इजरायल पर लगाया सीजफायर उल्लंघन का आरोप

हमास का आरोप है कि इजरायल लगातार सीजफायर का उल्लंघन कर रहा है और अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की ओर से गाजा संघर्ष खत्म करने के लिए प्रस्तावित व्यापक योजना को कमजोर कर रहा है।

Updated on:
23 Aug 2026 09:32 pm
Published on:
23 Aug 2026 09:30 pm