
इमरान खान (फाइल फोटो - आईएएनएस)
Imran Khan Health: पाकिस्तान की जेल में बंद पूर्व प्रधानमंत्री और पूर्व क्रिकेट कप्तान इमरान खान की सेहत को लेकर दुनिया के 21 पूर्व अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट कप्तानों ने चिंता जताई है। इनमें भारत के दिग्गज सुनील गावस्कर, कपिल देव और दिलीप वेंगसरकर भी शामिल हैं। पूर्व कप्तानों ने पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ को चिट्ठी लिखकर इमरान खान को उचित इलाज और मानवीय व्यवहार सुनिश्चित करने की मांग की है।
यह अपील ऐसे समय आई है जब पाकिस्तान के सुप्रीम कोर्ट ने इमरान खान को अस्पताल ले जाकर मेडिकल बोर्ड से जांच कराने और परिवार से साप्ताहिक मुलाकात की अनुमति देने का आदेश दिया था। पूर्व कप्तानों का कहना है कि इन निर्देशों का पूरी तरह पालन नहीं हुआ।
पूर्व कप्तानों ने अपनी चिट्ठी में कहा कि सुप्रीम कोर्ट ने इमरान खान की जांच के लिए ऐसा मेडिकल बोर्ड बनाने का निर्देश दिया था, जिसमें उनके निजी डॉक्टर और उनकी बहन डॉ. उजमा खान भी शामिल हों।
उनका दावा है कि इमरान को अस्पताल ले जाने के कुछ ही घंटे बाद वापस जेल भेज दिया गया। उनकी जांच सरकारी डॉक्टरों की टीम ने की और उन्हें चिकित्सकीय रूप से फिट बताया गया। पूर्व कप्तानों ने कहा कि यह प्रक्रिया सुप्रीम कोर्ट के निर्देश के अनुरूप नहीं थी।
चिट्ठी में पूर्व क्रिकेटरों ने पाकिस्तान सरकार के सामने तीन प्रमुख मांगें रखी हैं।
पहली मांग: सुप्रीम कोर्ट के निर्देश के अनुसार मेडिकल बोर्ड को इमरान खान की पूरी और स्वतंत्र जांच करने दी जाए। खास तौर पर उनकी दाईं आंख की रोशनी कम होने की शिकायत की गंभीरता से जांच की जाए।
दूसरी मांग: अदालत के आदेश के मुताबिक इमरान खान के परिवार को हर सप्ताह उनसे मिलने की अनुमति दी जाए और इसमें किसी तरह की प्रशासनिक रुकावट न हो।
तीसरी मांग: मेडिकल जांच के बाद डॉक्टर जो भी इलाज सुझाएं, उसे बिना देरी के उपलब्ध कराया जाए।
पूर्व कप्तानों ने स्पष्ट किया कि उनकी अपील पाकिस्तान की घरेलू राजनीति या कानूनी प्रक्रिया में दखल देने के लिए नहीं है। उन्होंने कहा कि वे इमरान खान के साथ क्रिकेट के मैदान से जुड़े पुराने रिश्ते के कारण यह अपील कर रहे हैं।
चिट्ठी में कहा गया कि वे राजनेता के तौर पर नहीं, बल्कि ऐसे पूर्व खिलाड़ी के तौर पर लिख रहे हैं जिनका इमरान खान के साथ क्रिकेट के मैदान पर रिश्ता रहा है।
यह पहली बार नहीं है जब पूर्व क्रिकेट कप्तानों ने इमरान खान के इलाज को लेकर पाकिस्तान सरकार से अपील की है। करीब छह महीने पहले 14 पूर्व अंतरराष्ट्रीय कप्तानों ने भी पाकिस्तान सरकार को चिट्ठी लिखकर इमरान खान के लिए उचित इलाज और मानवीय व्यवहार की मांग की थी। इस बार सात और पूर्व कप्तान इस अपील में शामिल हुए हैं।
इस नई चिट्ठी पर भारत के अलावा इंग्लैंड, ऑस्ट्रेलिया, वेस्टइंडीज, श्रीलंका और न्यूजीलैंड समेत कई देशों के पूर्व कप्तानों ने हस्ताक्षर किए हैं। इनमें ग्रेग चैपल, एलन बॉर्डर, इयान चैपल, क्लाइव लॉयड, नासिर हुसैन, एलिस्टेयर कुक और अरविंदा रणतुंगा जैसे नाम शामिल हैं।
73 वर्षीय इमरान खान अगस्त 2023 से जेल में हैं। हाल के दिनों में उनकी सेहत और खासकर आंखों की रोशनी को लेकर चिंता जताई गई है। पाकिस्तान के सुप्रीम कोर्ट ने 18 अगस्त को उन्हें अस्पताल ले जाकर मेडिकल जांच कराने का निर्देश दिया था। अदालत ने परिवार से साप्ताहिक मुलाकात की अनुमति भी बहाल की थी।
हालांकि, पाकिस्तान सरकार ने इमरान के साथ दुर्व्यवहार और मेडिकल लापरवाही के आरोपों को खारिज किया है। सरकार का कहना है कि उन्हें नियमित चिकित्सा सुविधा मिल रही है और उनके स्वास्थ्य की कई बार जांच की जा चुकी है।
Updated on:
23 Aug 2026 09:51 pm
Published on:
23 Aug 2026 09:50 pm
