विदेश

पहलगाम आतंकी हमले पर भारत से तनाव के बीच पाकिस्तान में धमाका, 5 लोगों की मौत और 5 घायल

Pakistan Blast: पहलगाम में हुए आतंकी हमले पर भारत और पाकिस्तान में तनाव बढ़ता ही जा रहा है। इसी बीच पाकिस्तान में एक धमाका हुआ है जिसमें जान-माल का नुकसान हुआ है।
2 min read
• •
Updated: 25 Apr 2025, 9:56 AM IST
IED blast in Pakistan
IED blast in Pakistan

पहलगाम आतंकी हमले (Pahalgam Terrorist Attack) के बाद भारत (India) और पाकिस्तान (Pakistan) में तनाव बढ़ता ही जा रहा है। जम्मू और कश्मीर के अनंतनाग जिले के पहलगाम में 22 अप्रैल को हुए आतंकी हमले में 26 लोग मारे गए और 20 घायल हो गए। पाकिस्तानी सरकार ने इस आतंकी हमले में हाथ होने से इनकार किया है, लेकिन द रेसिस्टेन्स फ्रंट (The Resistance Front – TRF) नाम के आतंकी संगठन ने इस हमले की ज़िम्मेदारी ली है, जो पाकिस्तान का ही आतंकी संगठन है और लश्कर-ए-तैयबा (Lashkar-e-Taiba) से जुड़े होने के साथ ही आईएसआई (ISI) के भी साथ मिलकर काम करता है। आतंकियों ने पर्यटकों को उनका धर्म पूछकर हिंदू होने की पुष्टि करने पर मारा। ऐसे में भारत और पाकिस्तान के बीच तनाव की स्थिति बढ़ रही है। इसी बीच पाकिस्तान में एक धमाके से हड़कंप मच गया।

बलूचिस्तान में आईईडी धमाका

पाकिस्तान के बलूचिस्तान (Balochistan) प्रांत के कलात (Kalat) जिले में गुरुवार को आईईडी धमाका (IED Blast) हुआ। यह धमाका एक यात्री वैन में हुआ और काफी जोर का था, जिससे वैन के परखच्चे उड़ गए।

5 लोगों की मौत और 5 लोग घायल

बलूचिस्तान प्रांत के कलात जिले में गुरुवार को हुए इस आईईडी धमाके में 5 लोगों की मौत हो गई। मरने वालों में एक लोकल नेता, दो महिलाएं और 2 बच्चे थे। वहीं 5 लोग इस हादसे में घायल हो गए। घायलों को नज़दीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहाँ उनका इलाज चल रहा है।

धमाके के पीछे किसका हाथ?

बलूचिस्तान के कलात जिले में हुए इस आईईडी धमाके के पीछे किसका हाथ है, फिलहाल इस बारे में कोई जानकारी सामने नहीं आई है। किसी संगठन ने फिलहाल इस धमाके की ज़िम्मेदारी नहीं ली है। गौरतलब है कि बलूचिस्तान में पिछले कई महीनों से बलूच विद्रोही, पाकिस्तानी सेना और सरकार के खिलाफ बगावत कर रहे हैं। समय-समय पर बलूच विद्रोही, सेना और पुलिस को निशाना भी बनाते हैं। कई बार आम जनता भी बलूच विद्रोहियों के हमलों में मारी जाती है। ऐसे में इस बात की संभावना से इनकार नहीं किया जा सकता कि गुरुवार को हुए इस आईईडी धमाके के पीछे किसी बलूच विद्रोही संगठन का ही हाथ है।

यह भी पढ़ें- पहलगाम आतंकी हमले के बाद दुनिया के सामने गिड़गिड़ाया मास्टरमाइंड सैफुल्लाह, कहा – “मैंने कुछ नहीं किया”

Updated on:
25 Apr 2025, 9:56 AM IST
Published on: