
चिली (Chile) में एक दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है। देश के दक्षिणी इलाके ला अराउकानिया (La Araucanía) क्षेत्र में काउतिन (Cautín) प्रांत के पित्रुफ्केन (Pitrufquén) शहर के विला कोमुई सेक्टर में स्थित बुज़ुर्गों के लिए बने एक नर्सिंग होम में शुक्रवार की रात को भीषण आग लग गई। अचानक आग लगने से हाहाकार मच गया।
चिली के ला अराउकानिया क्षेत्र में काउतिन प्रांत के पित्रुफ्केन शहर के विला कोमुई सेक्टर में स्थित नर्सिंग होम में आग लोकल समयानुसार रात करीब 10:30 बजे लगी। उस समय नर्सिंग होम में एक नर्स के अलावा 26 लोग मौजूद थे। आग तेज़ी से फैल गई और पूरा नर्सिंग होम इसकी चपेट में आ गया। कुछ ही देर में आग की ऊंची लपटें निकलने लगीं। हादसे के समय जो नर्स ड्यूटी पर थी, उसे किसी तरह 10 बुज़ुर्गों को बाहर निकालने में कामयाबी मिली, लेकिन बाकी 16 लोगों को वह बचा नहीं सकी। ऐसे में वो लोग आग में फंस गए और उनकी मौत हो गई। फायर डिपार्टमेंट की रेस्क्यू टीम ने बाद में उनके शव निकाले जो जली हुई अवस्था में मिले।
पित्रुफ्केन में आसपास के क्षेत्रों से 7 अग्निशमन दल, पुलिस टीम, मेडिकल टीम और स्थानीय प्रशासन के अधिकारी मौके पर पहुंचे। आग पर काबू पाने और मलबा हटाने का काम सुबह तक जारी रहा और काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया जा सका। पास के एक स्कूल को प्रभावित लोगों के लिए अस्थायी शेल्टर होम बनाया गया।
पित्रुफ्केन की मेयर जैकलीन रोमेरो इंज़ुंजा (Jacqueline Romero Inzunza) ने बताया कि आग से बचाए गए 10 लोगों को अस्पताल ले जाया गया। उनकी हालत गंभीर नहीं थी और कुछ लोगों को जांच के बाद छुट्टी भी दे दी गई।
इस घटना की जांच शुरू कर दी गई है। हालांकि अभी तक आग लगने की वजह सामने नहीं आई है। हादसे के समय सिर्फ एक नर्स का ही नर्सिंग होम में होना और उस पर 26 बुज़ुर्गों की ज़िम्मेदारी होना सुरक्षा मानकों पर सवाल उठाता है।