विदेश

फ्रांस में भी चलेगा UPI, पेरिस से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का बयान, पूरी दुनिया को दिखाई डिजिटल भारत की ताकत

वीवाटेक-2026: Paris में VivaTech 2026 के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि भारत तकनीक के जरिए वित्तीय समावेशन, शिक्षा और कृषि को मजबूत कर रहा है। UPI और DigiLocker की वैश्विक सफलता भी गिनाई।
2 min read
Jun 18, 2026
PM Mod Paris
पेरिस में पीएम मोदी ने दिखाई भारत की डिजिटल ताकत (ANI Photo)

PM Modi VivaTech Paris: फ्रांस की राजधानी पेरिस में आयोजित यूरोप के सबसे बड़े तकनीकी और नवाचार कार्यक्रम (वीवाटेक) VivaTech 2026 में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी (PM MODI) ने भारत की डिजिटल उपलब्धियों और तकनीकी प्रगति को दुनिया के सामने रखा। उन्होंने कहा कि भारत तकनीक का इस्तेमाल केवल विकास के लिए नहीं बल्कि आम लोगों के जीवन को आसान बनाने के लिए बड़े पैमाने पर कर रहा है।

तकनीक से बदल रही करोड़ों लोगों की जिंदगी

अपने संबोधन में प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि भारत वित्तीय समावेशन, शिक्षा, टेलीमेडिसिन, कृषि और कई अन्य क्षेत्रों में तकनीक का व्यापक उपयोग कर रहा है। पीएम मोदी ने कहा, 'तकनीक का लाभ समाज के हर वर्ग तक पहुंचना चाहिए और भारत इसी सोच के साथ आगे बढ़ रहा है।

फ्रांस में भी होगा यूपीआई का उपयोग- पीएम

प्रधानमंत्री ने कहा कि पिछले 10 सालों में भारत ने तकनीक के क्षेत्र में तेजी से प्रगति की है। उन्होंने बताया कि भारत ने दुनिया की सबसे बड़ी डिजिटल पहचान प्रणाली और सबसे बड़े डिजिटल भुगतान प्लेटफॉर्म में से एक विकसित किया है। उन्होंने कहा कि हमारे यूपीआई ((यूनिफाइड पेमेंट्स इंटरफेस) की वजह से, आज दुनिया के आधे रियल-टाइम डिजिटल ट्रांजैक्शन भारत में होते हैं। पीएम मोदी ने यह भी बताया कि अब फ्रांस में भी भारतीय डिजिटल भुगतान प्रणाली UPI का उपयोग किया जा सकता है।

पीएम ने DigiLocker का किया जिक्र

प्रधानमंत्री ने भारत के डिजिटल पब्लिक इंफ्रास्ट्रक्चर की चर्चा करते हुए डीजीलॉकर का उदाहरण दिया। उन्होंने कहा कि यह दुनिया के सबसे बड़े डिजिटल दस्तावेज वॉलेट्स में से एक है और करोड़ों लोग इसका उपयोग कर रहे हैं।

भारत-यूरोप व्यापार संबंधों को नई गति

कार्यक्रम के दौरान प्रधानमंत्री मोदी ने भारत और यूरोपीय संघ के बीच हुए ऐतिहासिक मुक्त व्यापार समझौते का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा कि साल 2026 भारत और यूरोप दोनों के लिए विशेष महत्व रखता है क्योंकि इस साल की शुरुआत में भारत और यूरोपीय संघ ने ऐतिहासिक फ्री ट्रेड एग्रीमेंट पूरा किया है। उन्होंने कहा कि यह समझौता व्यापार और निवेश को बढ़ावा देगा तथा प्रतिभा, तकनीक और पर्यटन के आदान-प्रदान के नए अवसर खोलेगा।

भारत के स्टार्टअप्स की वैश्विक पहचान

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि भारत में 2 लाख से ज्यादा स्टार्टअप हैं। पीएम मोदी ने लोगों से इंडिया पवेलियन का दौरा करने का आग्रह करते हुए कहा कि यहां भारत की ऊर्जा और रचनात्मकता की झलक देखने को मिलेगी।

उन्होंने बताया कि प्रदर्शनी में दुनिया का पहला सिंगल-पीस 3डी-प्रिंटेड रॉकेट इंजन, एडवांस्ड जेनेटिक इंजीनियरिंग थेरेपी, कैंसर और गंभीर बीमारियों की पहचान करने वाले एआई समाधान, साइबर एवं नेटवर्क सुरक्षा तकनीक, स्वायत्त रोबोट, स्मार्ट सिटी नवाचार और अगली पीढ़ी के मोबिलिटी समाधान प्रदर्शित किए गए हैं।

Updated on:
18 Jun 2026 08:22 pm
Published on:
18 Jun 2026 07:34 pm