विदेश

कहां है Putin का वो घर जिस पर यूक्रेन ने दागे 91 ड्रोन, रूसी राष्ट्रपति के पास कितने Official Residences?

Ukraine denies drone attack on Putin: रूस ने दावा किया है कि यूक्रेन ने राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन के आवास पर ड्रोन अटैक किया। हालांकि, यूक्रेन ने इस दावे को पूरी तरह खारिज कर दिया है।
2 min read
Dec 30, 2025
Putin residence drone attack
रूस के दावा है कि यूक्रेन ने राष्ट्रपति पुतिन के आवास को निशाना बनाने का प्रयास किया। (PC: rbth/AI)

Putin residence drone attack: रूस और यूक्रेन के बीच जंग खत्म होने के बजाए भड़क सकती है। रूस का आरोप है कि यूक्रेन ने राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन के आवास पर ड्रोन अटैक किया। हालांकि, यूक्रेन ने इस दावे को झूठा करार दिया है। रूस के विदेश मंत्री सर्गेई लावरोव ने कहा है कि 28 और 29 दिसंबर की रात यूक्रेन ने राष्ट्रपति के नोवगोरोद क्षेत्र में स्थित आवास को निशाना बनाने की कोशिश की। यूक्रेन ने 91 ड्रोन हमले किया, लेकिन रूसी एयर डिफेंस सिस्टम ने उन्हें मार गिराया।

कुल 8 आधिकारिक निवास

इस खबर के बाद जहां दोनों देशों में तनाव बढ़ने की आशंका है। वहीं, राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन के ठिकानों को लेकर भी चर्चा शुरू हो गई है। नोवगोरोद क्षेत्र के जिस आवास को निशान बनाए जाने की बात हो रही है, वो राष्ट्रपति का मुख्य निवास नहीं है। रूस के राष्ट्रपति का मुख्य सरकारी निवास ग्रैंड क्रेमलिन पैलेस है। पुतिन के कुल कितने आवास हैं, इसकी कोई सटीक जानकारी मौजूद नहीं है। वैसे उनके 8 आधिकारिक निवास बताए जाते हैं।

घने जंगल में घिरा है आवास

सर्गेई लावरोव ने राष्ट्रपति के आवास के बारे में कोई खास जानकारी नहीं दी, लेकिन माना जा रहा है कि वह भारी सुरक्षा वाले उस निवास की बात कर रहे थे, जो उत्तर-पश्चिमी रूस के नोवगोरोद ओब्लास्ट में वल्दाई झील के किनारे है। यह व्लादिमीर पुतिन का निजी नहीं बल्कि आधिकारिक निवासों में से एक है। इसके तीन नाम हैं - वल्दाई, उझिन, और डोलगी बोरोडी। रशियन बिऑन्ड की रिपोर्ट के अनुसार, इसका निर्माण 1980 के दशक में हुआ था। यह एक छोटे से जलक्षेत्र पर बनी एकमात्र बिल्डिंग है, जो घने जंगल से घिरी हुई है। यहां आने-जाने का केवल एक ही रास्ता है, जिस पर भारी संख्या में सुरक्षा बल तैनात रहते हैं।

आराम फरमाने जाते हैं पुतिन

पुतिन से पहले भी रूसी राष्ट्रपति इस आवास का इस्तेमाल करते रहे हैं। रूस के पहले प्रेसिडेंट बोरिस येल्तसिन को यहां मछली पकड़ना पसंद था। पुतिन भी बीच-बीच में यहां आराम फरमाने आते रहते हैं। वैसे पुतिन कब, कहां हैं यह बेहद गुप्त रहता है। केवल उनके कुछ खास लोगों को ही इसकी जानकारी रहती है। बताया जा रहा है कि जब यूक्रेन ने वल्दाई आवास को निशाना बनाने की कोशिश की, पुतिन वहां नहीं थे।

नोवो-ओगारीवो सबसे पसंदीदा

राजधानी मॉस्को से कुछ ही दूरी पर स्थित नोवो-ओगारीवो आवास व्लादिमीर पुतिन का फेवरेट माना जाता है। इसके अलावा, मॉस्को का एक अपार्टमेंट भी पुतिन के ठिकाने के रूप में काफी प्रचारित है। अकाडेमिका ज़ेलिंस्कोगो स्ट्रीट पर स्थित यह अपार्टमेंट प्रधानमंत्री के तौर पर पुतिन को दिया गया था। रूस के सोची शहर में भी पुतिन का एक आधिकारिक निवास है। 1955 में बनकर तैयार हुआ यह आवास रूस के नेताओं की पसंदीदा जगह रहा है। गर्मियों के मौसम में पुतिन यहां अक्सर आते हैं। रिपोर्ट के मुताबिक, यह ब्लैक सी पर एकमात्र सरकारी निवास है। यहां पुतिन ने 2008 में अमेरिकी राष्ट्रपति जॉर्ज डब्ल्यू बुश से मुलाकात की थी और 2018 में जर्मन चांसलर एंजेला मर्केल का फूलों से स्वागत किया था। इसी तरह, सेंट पीटर्सबर्ग का कॉन्स्टेंटिन पैलेस और कैलिनिनग्राद का Yantar भी उनका आधिकारिक निवास है।

Updated on:
30 Dec 2025 09:08 am
Published on:
30 Dec 2025 08:41 am