विदेश

Zelensky को मार डालेंगे: इस खौफनाक धमकी के साथ विदा हुआ 2025, क्या नए साल में भी दिखेगा असर?

Dmitry Medvedev threatens Zelensky: पुतिन के आवास पर हमले की साजिश के बाद से रूस और यूक्रेन के बीच तनाव बढ़ गया है। दिमित्री मेदवेदेव ने यूक्रेन के राष्ट्रपति को जान से मारने की धमकी दी है।
2 min read
Dec 31, 2025
Dmitry Medvedev threatens Zelensky
रूस और यूक्रेन के बीच तनाव बढ़ गया है। (PC: Facebook/AI)

Russia Ukraine war latest news: रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन के आवास पर हमले के प्रयास से युद्ध की आग भड़कने की आशंका मजबूत हो गई है। रूस का दावा है कि यूक्रेन ने पुतिन के आवास पर 91 ड्रोन दागे (drone attack on Putin residence), जिन्हें एयर डिफेंस सिस्टम ने मार गिराया। हालांकि, यूक्रेन ने इससे इंकार किया है। इस बीच, रूस के पूर्व प्रेसिडेंट दिमित्री मेदवेदेव ने यूक्रेन को साल 2025 की सबसे खतरनाक धमकी दी है। उन्होंने कहा है कि यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोडिमिर जेलेंस्की को इसकी कीमत अपनी जान देकर चुकानी होगी।

वो युद्ध चाहते हैं, तो हम भी तैयार

दिमित्री मेदवेदेव (Dmitry Medvedev threatens Zelensky) ने कहा कि यूक्रेन को व्लादिमीर पुतिन के आवास पर हमले का खामियाजा भुगतना पड़ेगा। मिरर यूके की रिपोर्ट के अनुसार, मेदवेदेव ने यूक्रेन के राष्ट्रपति जेलेंस्की को जान की धमकी देते हुए कहा कि अगर वह युद्ध चाहते हैं, तो हम भी तैयार हैं। रूस की सिक्योरिटी काउंसिल के डिप्टी चेयरमैन दिमित्री मेदवेदेव ने जेलेंस्की पर शांति वार्ता को पटरी से उतारने का आरोप लगाते हुए कहा कि अब उन्हें पूरी जिंदगी इसी तरह छिपकर जीना होगा।

पहली बार बोले इतने कड़े शब्द?

दिमित्री मेदवेदेव ने आगे कहा कि वोलोडिमिर जेलेंस्की को जल्द मौत मिलनी चाहिए और रूस के शहर सेंट पीटर्सबर्ग में इसका प्रदर्शन होना चाहिए। मेदवेदेव के इस बयान से संकेत मिलता है कि रूस और यूक्रेन के बीच हालात जल्द सामान्य होने वाले नहीं हैं। 2026 में भी दोनों देशों के बीच तनाव और भड़कने की आशंका है। मेदवेदेव पूर्व में भी यूक्रेन और अमेरिका के खिलाफ मोर्चा खोल चुके हैं, लेकिन इस तरह के शब्दों का इस्तेमाल उन्होंने संभवत: पहली बार किया है। अगस्त में उनके एक बयान ने डोनाल्ड ट्रंप को नाराज कर दिया था। उन्होंने कहा था कि ट्रंप युद्ध खत्म करने के लिए 10 दिन की डेडलाइन तय करके रूस के साथ अल्टीमेटम गेम खेल रहे हैं। इसके जवाब में ट्रंप ने कहा था कि शब्दों का चयन सोच-समझकर करना चाहिए। अन्यथा यह अनचाहे नतीजे दे सकते हैं।

पूरी दुनिया पर होगा असर

डोनाल्ड ट्रंप पिछले काफी समय से दोनों देशों के बीच शांति स्थापित करवाने की कोशिश में लगे हैं। बीच में एक बार ऐसा लगा भी कि रूस-यूक्रेन में सहमति बन गई है, लेकिन जल्द ही हालात फिर पहले जैसे हो गए। रूस द्वारा इस आरोप के बाद कि यूक्रेन ने पुतिन के आवास को निशाना बनाने का प्रयास किया है, दोनों देशों के बीच शांति की उम्मीद पूरी तरह टूटती दिखाई दे रही है। वोलोडिमिर जेलेंस्की ने इस दावे को गलत करार दिया है। लेकिन रूस फिलहाल कुछ भी सुनने को तैयार नहीं है। डोनाल्ड ट्रंप ने भी इस पर चिंता जाहिर की है। एक्स्पर्ट्स का मानना है कि मौजूदा हालात यही इशारा कर रहे हैं कि 2026 में रूस-यूक्रेन विवाद फिर भड़क सकता है। अगर जंग तेज होती है, तो इसका असर प्रत्यक्ष या अप्रत्यक्ष रूप से पूरी दुनिया पर पड़ेगा।

Updated on:
31 Dec 2025 12:44 pm
Published on:
31 Dec 2025 12:41 pm