
Strait of Hormuz: संयुक्त राष्ट्र की अंतरराष्ट्रीय समुद्री एजेंसी(International Maritime Organization,IMO) ने होर्मुज स्ट्रेट से फंसे जहाजों और नाविकों को निकालने की अपनी बड़ी निकासी योजना फिलहाल रोक दी है। यह फैसला तब लिया गया, जब ओमान की खाड़ी में एक मालवाहक जहाज पर हमले की सूचना सामने आई। इस घटना ने उस समुद्री रास्ते की सुरक्षा पर फिर सवाल खड़े कर दिए हैं, जिसे हाल तक राहत और निकासी के लिए सुरक्षित मानकर इस्तेमाल किया जा रहा था। संयुक्त राष्ट्र की अंतरराष्ट्रीय समुद्री संगठन (IMO) ने कुछ ही दिन पहले होर्मुज स्ट्रेट में फंसे करीब 600 जहाजों और लगभग 11 हजार नाविकों को बाहर निकालने की प्रक्रिया शुरू की थी। लेकिन इस घटना के बाद एजेंसी ने कहा कि सुरक्षा गारंटी की दोबारा समीक्षा होने तक इस योजना को अस्थायी रूप से रोक दिया गया है।
मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक, गुरुवार को एक मालवाहक जहाज ने ओमान के दहित बंदरगाह के दक्षिण-पूर्व में लगभग 14 किलोमीटर दूर हमले की सूचना दी। एजेंसी ने कहा कि जहाज के स्टारबोर्ड हिस्से पर किसी प्रोजेक्टाइल के टकराने की रिपोर्ट मिली। एक अन्य समुद्री सुरक्षा सोर्स ने रॉयटर्स से कहा कि जहाज को संभवतः ड्रोन से निशाना बनाया गया, हालांकि हमले के पीछे किसका हाथ था, यह अभी स्पष्ट नहीं है। मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार समुद्री सुरक्षा रिपोर्टों में इस पोत की पहचान सिंगापुर-ध्वज वाले कंटेनर जहाज एवर लवली के रूप में की गई है। हालांकि यह जहाज IMO की आधिकारिक निकासी लिस्ट का हिस्सा नहीं था।
IMO के महासचिव आर्सेनियो डोमिंगेज ने कहा कि निकासी योजना शुरू करने से पहले एजेंसी ने सुरक्षित नौवहन के लिए जरूरी शर्तों और सुरक्षा आश्वासनों की पुष्टि कर ली थी। लेकिन अब जहाज पर हमले की सूचना मिलने के बाद एजेंसी ने योजना के क्रियान्वयन को अस्थायी रूप से रोकने का फैसला किया है, ताकि यह दोबारा सुनिश्चित किया जा सके कि निकासी सूची में शामिल जहाजों और पूरे क्षेत्र में मौजूद पोतों के लिए सुरक्षा गारंटी अब भी प्रभावी है।
IMO ने 23 जून को इस निकासी अभियान की घोषणा की थी। योजना के तहत फंसे जहाजों को दो रास्तों से खाड़ी से बाहर निकालना था। एक मार्ग ईरानी जलक्षेत्र से और दूसरा ओमानी जलक्षेत्र से, जिस पर अमेरिकी निगरानी भी शामिल थी। एजेंसी के अनुसार, इस अभियान का मकसद लंबे समय से फंसे नाविकों को सुरक्षित रास्ता देना और क्षेत्रीय समुद्री यातायात को धीरे-धीरे सामान्य करना था।
होर्मुज स्ट्रेट दुनिया के सबसे अहम समुद्री मार्गों में से एक है। खाड़ी क्षेत्र से निकलने वाला बड़ा हिस्सा तेल और गैस इसी रास्ते से अंतरराष्ट्रीय बाजार तक पहुंचता है। ऐसे में यहां सुरक्षा संकट सिर्फ क्षेत्रीय तनाव का मामला नहीं रहता, बल्कि वैश्विक ऊर्जा आपूर्ति, बीमा लागत, शिपिंग शेड्यूल और तेल कीमतों पर भी असर डाल सकता है।