
होर्मुज स्ट्रेट (Strait of Hormuz) को ईरान (Iran) द्वारा बंद करने के बाद भी कई जहाज ईरान द्वारा अवैध घोषित जलमार्गों से गुज़र रहे हैं। हालांकि ये जहाज होर्मुज स्ट्रेट में समुद्री बारूदी सुरंगों का शिकार बन रहे हैं, जिन्हें ईरानी नेवी ने बिछाया है। आज इसी तरह के एक या दो नहीं, बल्कि तीन मामले सामने आए हैं।
आईआरजीसी - इस्लामिक रिवोल्यूशनरी गार्ड कॉर्प्स (IRGC - Islamic Revolutionary Guard Corps) ने जानकारी दी कि अवैध रास्ते से गुज़र रहे तेल के तीन जहाज आज समुदी बारूदी सुरंगों से टकरा गए, जिनकी वजह से जहाजों में धमाका हुआ और फिर आग लग गई।
आईआरजीसी ने बताया कि तीनों जहाजों में धमाका और आग लगने की वजह ईरान के आदेश का उल्लंघन है, जो जहाजों ने होर्मुज स्ट्रेट में अवैध रास्ते से गुज़रने की कोशिश करते हुए किया। इंजन रूम में धमाके की वजह से जहाज पूरी तरह बेकार हो गए। हालांकि जान-माल का कितना नुकसान हुआ है, फिलहाल इसकी जानकारी सामने नहीं आई है।
होर्मुज स्ट्रेट में ईरान द्वारा अवैध घोषित रास्तों में ईरानी नेवी ने समुदी बारूदी सुरंगें बिछाई हुई हैं जिससे जहाजों को गुज़रने से रोका जा सके। ईरानी नेवी को चकमा देने के लिए तीनों जहाज इन्हीं रास्तों से गुज़रने की कोशिश कर रहे हैं और इस दौरान इन जहाजों ने अपने सभी नेविगेशन और रडार सिस्टम बंद कर दिए, जिससे वो ईरानी नेवी से बच सके, लेकिन इस दौरान वो समुदी बारूदी सुरंगों से नहीं बच पाए।
आईआरजीसी ने जहाजों में आग लगने के बाद पर्यावरण पर पड़े असर का जिक्र करते हुए कहा कि होर्मुज स्ट्रेट में अवैध रास्ते प्रदूषित हो गए हैं और इन रास्तों से गुजरने के लिए जहाजों के मालिक और चालक दल जिम्मेदार हैं। आईआरजीसी ने शिपिंग ऑपरेटरों को चेतावनी दी कि वो साइबर स्पेस में अमेरिकी सेंट्रल कमांड के भ्रामक बयानों पर ध्यान न दें और साथ ही यह भी कहा कि किसी भी उकसावे वाली कार्रवाई से सख्ती से निपटा जाएगा।