डोनाल्ड ट्रंप ने UFO और एलियंस से जुड़ी सभी फाइलें सार्वजनिक करने का ऐलान किया। उन्होंने बाराक ओबामा पर गोपनीय जानकारी साझा करने का आरोप भी लगाया है।
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने एक बड़ा और चौंका देने वाला ऐलान किया है। ट्रंप ने स्पष्ट कहा है कि वे युद्ध सचिव सहित संबंधित विभागों और एजेंसियों को निर्देश देंगे कि वे एलियन (Aliens), UFO (Unidentified Flying Objects) और UAP (Unidentified Aerial Phenomena) से संबंधित सभी सरकारी फाइलों की पहचान करें और उन्हें जनता के लिए सीखरित रूप से जारी करने की प्रक्रिया शुरू करें।
ट्रंप का यह बयान ऐसे समय में आया है जब अमेरिका के पूर्व राष्ट्रपति बाराक ओबामा ने हाल ही में एक पॉडकास्ट में एलियंस की मौजूदगी पर चर्चा की थी। ओबामा ने कहा था कि “एलियंस असली हो सकते हैं लेकिन मैंने उन्हें कभी व्यक्तिगत रूप से देखा नहीं है, न ही उन्हें Area 51 में बंद रखा गया है।” ओबामा के इस बयान के बाद ट्रंप ने कड़ी प्रतिक्रिया व्यक्त की। ट्रंप का आरोप है कि ओबामा ने गोपनीय जानकारी को अनुचित रूप से साझा किया, जो कि उनकी बड़ी भूल थी।
कई दशकों से अमेरिकी जनता एलियन, UAP और UFO से जुड़ी सरकारी फाइलों को सार्वजनिक करने की मांग कर रही है। खासकर Area 51, पेंटागन की रिपोर्ट्स, और UAP घटनाओं पर रिकॉर्ड की गई वीडियो क्लिप्स को लेकर लोगों में जिज्ञासा बढ़ती ही जा रही है। पिछले कुछ वर्षों में अमेरिकी कांग्रेस ने UAP पर विशेष सुनवाई भी आयोजित की है, जिसमें कुछ वीडियो और महत्वपूर्ण दस्तावेज सार्वजनिक किए गए थे। इसी बीच ट्रंप की बहू लारा ट्रंप ने भी संकेत दिए हैं कि राष्ट्रपति के पास एलियंस, UAP और अंतरिक्ष यानों से जुड़े संभावित भाषण का ड्राफ्ट तैयार है, जिसे सही समय पर जनता के सामने रखा जाएगा।