विदेश

‘कुत्तों और मुसलमानों में से एक को चुनना आसान’…अमेरिकी सांसद के बयान से मचा बवाल

फ्लोरिडा के सांसद रैंडी फाइन की मुस्लिम समुदाय पर विवादित टिप्पणी से अमेरिकी राजनीति में बवाल मच गया है। डेमोक्रेट नेताओं और सिविल राइट्स संगठनों ने इस्तीफे की मांग की है, जबकि फाइन अपने बयान पर अडिग हैं।

2 min read
Feb 18, 2026
अमेरिकी सांसद रैंडी फाइन (फोटो- Julie एक्स पोस्ट)

अमेरिका की राजनीति में सोशल मीडिया पोस्ट को लेकर एक नया विवाद खड़ा हो गया है। फ्लोरिडा से रिपब्लिकन सांसद रैंडी फाइन की एक टिप्पणी ने वॉशिंगटन में तीखी बहस छेड़ दी है। उन्होंने एक्स पर लिखा कि अगर कुत्तों और मुसलमानों में से चुनना पड़े तो चुनाव कठिन नहीं होगा, जिसके बाद उनके खिलाफ इस्तीफे और अनुशासनात्मक कार्रवाई की मांग तेज हो गई है। डेमोक्रेटिक नेताओं, सिविल राइट्स संगठनों और मुस्लिम समुदाय के प्रतिनिधियों ने इस बयान को खुला इस्लामोफोबिया बताया है। कई नेताओं का कहना है कि इस तरह की भाषा लोकतांत्रिक मूल्यों के खिलाफ है और इससे सामाजिक विभाजन गहरा होता है।

ये भी पढ़ें

भारत पर 500% टैरिफ लगाने की धमकी देने वाले अमेरिकी सांसद के बदले सुर, अब भारत की कर रहे तारीफ

ऐसे शुरू हुआ विवाद

यह विवाद तब शुरू हुआ जब फाइन ने एक पोस्ट साझा करते हुए दावा किया कि न्यूयॉर्क सिटी की एक प्रमुख मुस्लिम नेता कुत्तों पर प्रतिबंध चाहती हैं। उन्होंने कहा कि अगर मुख्यधारा के मुसलमान कुत्ते रखने और उनके देश में रहने के बीच चुनाव की स्थिति पैदा करेंगे तो निर्णय आसान होगा। बाद में उन्होंने एक इंटरव्यू में कहा कि उनकी प्रतिक्रिया एक अन्य पोस्ट के जवाब में थी। जिस पोस्ट का जिक्र किया गया, वह फिलिस्तीनी मूल की एक्टिविस्ट नेरदीन किसवानी की थी। उन्होंने पहले लिखा था कि कुत्ते कुछ मुसलमानों के लिए अपवित्र माने जाते हैं और न्यूयॉर्क इस्लाम की ओर बढ़ रहा है। बाद में किसवानी ने स्पष्ट किया कि उनका बयान व्यंग्य था और शहर में डॉग वेस्ट पर चल रही बहस से जुड़ा था।

कैलिफोर्निया के गवर्नर ने फाइन से इस्तीफा देने को कहा

फाइन की मुसलमानों को लेकर की गई इस टिप्पणी के बाद बड़ा बवाल खड़ा हो गया है। काउंसिल ऑन अमेरिकन इस्लामिक रिलेशंस (CAIR) ने इसे भड़काऊ और अमानवीय भाषा बताया और कहा कि उनके इस्तीफे की मांग काफी समय से लंबित है। संगठन ने आरोप लगाया कि यह बयान मुस्लिम समुदाय के खिलाफ नफरत को बढ़ावा देता है। कैलिफोर्निया के गवर्नर गेविन न्यूसम ने सोशल मीडिया पर फाइन से तुरंत इस्तीफा देने को कहा। हाउस माइनॉरिटी लीडर हकीम सेको जेफ्रीज़ ने उन्हें इस्लामोफोबिक और खतरनाक करार दिया। डेमोक्रेट सांसद अलेक्जेंड्रिया ओकासिओ-कोरटेज ने कहा कि इस तरह की टिप्पणियों को नजरअंदाज करना उन्हें सामान्य बनाने जैसा है।

फाइन अपने बयान पर कायम रहे

तीखी आलोचना के बावजूद फाइन अपने बयान पर कायम हैं। उन्होंने दोबारा पोस्ट कर कहा कि असली समस्या वह कथित बयान है जिसमें कुत्तों को लेकर आपत्ति जताई गई थी। उन्होंने एक फोटो शेयर की जिसमें पीले बैकग्राउंड पर डॉग की तस्वीर थी और डोंट ट्रेड ऑन मी स्लोगन लिखा हुआ था। बता दें कि यह पहली बार नहीं है जब फाइन विवादों में घिरे हों। गाजा संघर्ष पर उनकी पिछली टिप्पणियों को लेकर भी आलोचना हुई थी। मानवाधिकार संगठनों का कहना है कि अमेरिका में हाल के वर्षों में इस्लामोफोबिया की घटनाएं बढ़ी हैं, जिन पर सख्त राजनीतिक जवाबदेही जरूरी है।

Published on:
18 Feb 2026 10:48 am
Also Read
View All

अगली खबर