विदेश

Gulf security alert: खाड़ी देशों में हाई अलर्ट, अमेरिकी हमलों के बाद ईरानी जवाबी कार्रवाई की आशंका

Gulf security alert: अमेरिकी बमबारी के बाद ईरान के पलटवार से पूरे खाड़ी क्षेत्र में हड़कंप मच गया है। कुवैत ने आसमान में ही कई घातक ड्रोन्स और मिसाइलों को मार गिराया, वहीं कतर और बहरीन में अचानक जारी हुए 'रेड अलर्ट' से नागरिक सहम गए।
2 min read
Jul 09, 2026
Iran-US WAr
खाड़ी देशों में हाई अलर्ट (Photo-IANS)

Qatar Emergency Alert: अमेरिका और ईरान के बीच एक बार फिर तनाव बढ़ गया है। अमेरिकी सेना ने कहा कि उसने होर्मुज को समुद्री यातायात के लिए सुरक्षित बनाए रखने के उद्देश्य से ईरान के खिलाफ नए हवाई हमले किए है। वहीं कुवैत की सेना ने गुरुवार को कहा कि उसकी वायु रक्षा प्रणाली ने कई दुश्मन मिसाइलों और ड्रोन को सफलतापूर्वक इंटरसेप्ट किया। वहीं, ईरान ने अमेरिका की पहले की गई एयरस्ट्राइक के जवाब में कुवैत और बहरीन को निशाना बनाकर हमले किए।

सीजफायर को लेकर क्या बोले ट्रंप

इसी बीच अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कहा कि होर्मुज में जहाजों पर हालिया ईरानी हमलों से स्पष्ट हो गया है कि नाजुक युद्धविराम (सीजफायर) अब प्रभावी नहीं रहा। इसके कुछ ही घंटों बाद अमेरिका ने ईरान पर एक और दौर की सैन्य कार्रवाई शुरू कर दी।

अमेरिका ने किए थे हमले

बता दें कि ताजा घटनाक्रम ने पूरे पश्चिम एशिया में संघर्ष के फिर से भड़कने की आशंका बढ़ा दी है। इससे एक दिन पहले भी अमेरिकी सेना ने ओमान तट के पास कई व्यापारिक जहाजों पर ईरानी हमलों के बाद ईरान के सैन्य ठिकानों और बंदरगाहों को निशाना बनाकर हवाई हमले किए थे।

अमेरिका ने फिर किया हमला

गुरुवार को अमेरिका ने ईरान में कई जगहों पर हमला किया। ईरान के बंदर अब्बास, कोनारक, सीरिक, चाबहार समेत कई शहरों में हमले हुए हैं। ईरानी समाचार एजेंसी मेहर और मिजान ने भी इन हमलों की पुष्टि की है।

कई देशों में बजे सायरन

गुरुवार तड़के कुवैत, बहरीन और कतर में मिसाइल अलर्ट सायरन बजाए गए। इन देशों ने संभावित ईरानी हमले की चेतावनी जारी की। हालांकि, शुरुआती रिपोर्टों में किसी बड़े नुकसान की पुष्टि नहीं हुई है। कुवैत की सेना ने कहा कि उसकी वायु रक्षा प्रणाली लगातार आने वाले ड्रोन और मिसाइलों को रोकने की कार्रवाई कर रही है।

ईरान ने क्या कहा? 

वहीं, ईरान की सरकारी समाचार एजेंसी फार्स के अनुसार IRGC ने दावा किया कि अमेरिकी क्रूज मिसाइल ने ईरान के उत्तरी प्रांत गोलस्तान के अक्काला (Aqqala) क्षेत्र स्थित अक ताका खान पुल के पास हमला किया।

आईआरजीसी की गोलस्तान शाखा ने कहा कि इस हमले में कोई हताहत नहीं हुआ है। साथ ही संगठन ने चेतावनी दी है कि वह इस कार्रवाई का करारा और निर्णायक जवाब देगा।

Updated on:
09 Jul 2026 08:14 am
Published on:
09 Jul 2026 07:10 am