
Venezuela Earthquake Death Toll: वेनेजुएला में पांच दिन पहले आए विनाशकारी भूकंपों के बाद हालात अब भी गंभीर बने हुए हैं। मृतकों की संख्या बढ़कर 1,719 हो गई है, जबकि 5,034 लोग घायल हैं और हजारों लोग अब भी लापता बताए जा रहे हैं। राहत और बचाव अभियान लगातार जारी है, लेकिन आफ्टरशॉक और क्षतिग्रस्त इमारतों के कारण अभियान में मुश्किलें आ रही हैं।
मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार वेनेजुएला की नेशनल असेंबली के अध्यक्ष जॉर्ज रोड्रिगेज ने सोमवार को बताया कि अब तक कम से कम 1,719 लोगों की मौत हो चुकी है। 5,034 लोग घायल हुए हैं, जबकि बड़ी संख्या में लोग अब भी लापता हैं। 7.2 और 7.5 तीव्रता के दो शक्तिशाली भूकंप बुधवार शाम आए थे। इनके झटके पड़ोसी देश कोलंबिया में भी महसूस किए गए। यह पिछले एक सदी में वेनेजुएला में आया सबसे विनाशकारी भूकंप माना जा रहा है।
सोमवार सुबह स्थानीय समयानुसार करीब 7 बजे 4.6 तीव्रता का एक और झटका महसूस किया गया। अमेरिकी भूवैज्ञानिक सर्वेक्षण (USGS) के अनुसार इस आफ्टरशॉक ने पहले से क्षतिग्रस्त सैकड़ों इमारतों की सुरक्षा को लेकर नई चिंता पैदा कर दी है। सरकारी आंकड़ों के मुताबिक भूकंप से 774 इमारतों को गंभीर नुकसान पहुंचा है, जिनमें 189 पूरी तरह ढह गईं।
अंतरिम राष्ट्रपति डेल्सी रोड्रिगेज ने बताया कि अब तक 24 देशों ने वेनेजुएला को 521 टन राहत सामग्री भेजी है। इसके साथ ही मलबे में फंसे लोगों की तलाश के लिए 86 खोजी कुत्तों की टीमें और 2,700 से अधिक राहत एवं बचावकर्मी भेजे गए हैं। इस बीच अमेरिका ने भी अपनी सहायता राशि दोगुनी करते हुए 150 मिलियन डॉलर से बढ़ाकर 300 मिलियन डॉलर कर दी है।
संयुक्त राष्ट्र ने आशंका जताई है कि मृतकों की संख्या अभी और बढ़ सकती है। इसी को देखते हुए संगठन ने वेनेजुएला के लिए 10,000 बॉडी बैग उपलब्ध कराने की घोषणा की है। वेनेजुएला में संयुक्त राष्ट्र के समन्वयक जियानलुका रैम्पोला डेल टिंडारो ने कहा कि यह एक संभावित अनुमान को ध्यान में रखकर की गई तैयारी है। हालांकि उन्होंने उम्मीद जताई कि अंतिम मृतक संख्या इससे कम रहेगी।