
Venezuela Earthquake Death Toll: वेनेजुएला में इस सप्ताह आए दो शक्तिशाली भूकंपों के बाद हालात लगातार गंभीर बने हुए हैं। मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार मृतकों की संख्या बढ़कर 1,430 हो गई है। अब तक 3,200 लोग घायल हुए हैं, जबकि 3,100 लोगों को अपना घर छोड़ना पड़ा है। सरकार का कहना है कि सैकड़ों लोग अब भी लापता हैं या मलबे में फंसे हो सकते हैं। वहीं, विपक्ष द्वारा संचालित एक वेबसाइट पर 54 हजार से अधिक लोगों को लापता या संपर्क से बाहर बताया गया है।
अमेरिकी भूवैज्ञानिक सर्वेक्षण (USGS) का अनुमान है कि 7.2 और 7.5 तीव्रता के इन दोनों भूकंपों से मरने वालों की संख्या 10 हजार से अधिक हो सकती है। यदि ऐसा होता है तो यह पिछले एक शताब्दी में लैटिन अमेरिका की सबसे घातक भूकंप त्रासदियों में शामिल हो सकता है।
संयुक्त राष्ट्र के अनुसार, इस आपदा से करीब 70 लाख लोग प्रभावित हो सकते हैं। संगठन ने प्रत्यक्ष आर्थिक नुकसान का अनुमान लगभग 6.7 अरब डॉलर लगाया है। वेनेजुएला सरकार ने बताया कि शनिवार तक विभिन्न देशों से 1,600 बचावकर्मी राहत और खोज अभियान में शामिल होने के लिए पहुंच चुके हैं। वहीं, अमेरिका से राहत सामग्री लेकर पहली सहायता उड़ानें भी कराकास पहुंच गई हैं।
तटीय शहर ला ग्वाइरा में कम से कम 100 इमारतें, जिनमें कई बहुमंजिला आवासीय भवन भी शामिल हैं, पूरी तरह या आंशिक रूप से क्षतिग्रस्त हो गई हैं। स्थानीय लोगों और स्वयंसेवकों का कहना है कि भारी मशीनों की कमी और राहत कार्यों की धीमी गति के कारण बचाव अभियान प्रभावित हो रहा है।
कार्यवाहक राष्ट्रपति डेल्सी रोड्रिगेज ने सरकारी टेलीविजन पर बोलते हुए कहा कि 10 और देशों की बचाव टीमें जल्द ही राहत अभियान में शामिल होंगी। उन्होंने बताया कि ला ग्वाइरा में सुरक्षा व्यवस्था और स्वच्छता कार्यों के लिए 14 हजार सैनिकों और पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई है। उन्होंने यह भी कहा कि भूकंप के केंद्र मोरोन और ला ग्वाइरा के कुछ हिस्सों में अब भी बिजली आपूर्ति बाधित है। हालांकि, अन्य प्रभावित क्षेत्रों में बिजली बहाल कर दी गई है और करीब 60 प्रतिशत आपूर्ति सामान्य हो चुकी है।