
हिजबुल्लाह चीफ नईम कासिम (सोर्स: ANI)
US-Iran War Update: इजरायल और लेबनान के बीच हुए नए फ्रेमवर्क समझौते को हिजबुल्लाह मानाने को रेडी नहीं है। एक तरफ लेबनान के राष्ट्रपति इस समझौते को देश की संप्रभुता बहाल करने की दिशा में बड़ा कदम बता रहे हैं...तो दूसरी ओर हिजबुल्लाह चीफ नईम कासिम ने इसे पूरी तरह खारिज कर दिया है।
नईम कासिम ने साफ शब्दों में कहा है कि न तो यह समझौता स्वीकार होगा और न ही हिजबुल्लाह अपने हथियार डालेगा। इसी बीच दक्षिणी लेबनान में इजरायल ने एयर स्ट्राइक की, जिसमें दो लोगों की मौत और कई अन्य घायल हो गए। ऐसे में सवाल उठने लगे हैं कि क्या यह समझौता शांति लाएगा या फिर क्षेत्र में तनाव और बढ़ेगा।
हिजबुल्लाह प्रमुख नईम कासिम ने अमेरिका, इजरायल और लेबनान के बीच हुए फ्रेमवर्क एग्रीमेंट को पूरी तरह खारिज कर दिया। उन्होंने इसे लेबनान की संप्रभुता के खिलाफ बताया। कासिम ने कहा कि वॉशिंगटन में हुआ यह समझौता अपमानजनक है और इसे रद्द माना जाना चाहिए।
उन्होंने मांग की कि इस समझौते की जगह ईरान और अमेरिका के बीच प्रस्तावित ‘मेमोरेंडम ऑफ अंडरस्टैंडिंग’ के नियम लागू किए जाएं। कासिम ने लेबनानी सरकार पर भी निशाना साधा। उनका आरोप है कि इस समझौते के जरिए इजरायली कब्जे को वैध बनाने की कोशिश की जा रही है।
हिजबुल्लाह प्रमुख ने साफ कहा कि उनका संगठन हथियार नहीं डालेगा। उन्होंने कहा कि कब्जे के खिलाफ उनका संघर्ष पहले की तरह जारी रहेगा।
बता दें समझौते के कुछ ही समय बाद इजरायली सेना ने दक्षिणी लेबनान के नबातिएह इलाके में एयर स्ट्राइक की। इजरायली सेना का दावा है कि हमला उन संदिग्ध आतंकियों पर किया गया जो उसके सैनिकों के लिए खतरा बन रहे थे। सेना ने कहा कि ऑपरेशन के नतीजों का आकलन अभी जारी है।
स्थानीय रिपोर्टों के अनुसार, इस हमले में दो लोगों की मौत हुई और कई अन्य घायल हुए। इससे पहले भी इजरायल पर 'सेफ जोन' में दो फिलिस्तीनियों की मौत का आरोप लग चुका है।
दूसरी ओर लेबनान के राष्ट्रपति जोसेफ आउन ने इस समझौते का स्वागत किया है। उनका कहना है कि इससे विस्थापित लोगों की घर वापसी का रास्ता खुलेगा और देश की संप्रभुता मजबूत होगी। वहीं इजरायल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू ने कहा कि जब तक हिजबुल्लाह अपने हथियार नहीं छोड़ता, तब तक इजरायली सेना दक्षिणी लेबनान के सुरक्षा क्षेत्र में तैनात रहेगी। यानी एक ओर शांति समझौते की बात हो रही है, तो दूसरी ओर हिजबुल्लाह चेतावनी दे रहा है।
Published on:
27 Jun 2026 08:17 pm
बड़ी खबरें
View Allविदेश
ट्रेंडिंग
US Israel Iran War
