Yevgeny Prigozhin's Video: रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन के खिलाफ बगावत करने वाले वैगनर आर्मी चीफ येवगेनी प्रिगोझिन का हाल ही में नया वीडियो सामने आया है। बगावत के बाद प्रिगोझिन का यह पहला क्लियर वीडियो है।
रूस (Russia) के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन (Vladimir Putin) के खिलाफ करीब दो महीने पहले रूस (Russia) की ही किराये की वैगनर आर्मी (Wagner Army) की बगावत से दुनियाभर में खलबली मच गई थी वैगनर आर्मी ने अपने चीफ येवगेनी प्रिगोझिन (Yevgeny Prigozhin) की लीडरशिप में रूस के प्रशासन के खिलाफ बगावत कर दी थी। इससे रूस में सिविल वॉर का खतरा भी पैदा हो गया था। । हालांकि यह बगावत ज़्यादा समय तक नहीं चली। बेलारूस (Belarus) के राष्ट्रपति अलेक्ज़ेंडर लुकाशेंको (Alexander Lukashenko) ने दोनों पक्षों में समझौता कराते हुए प्रिगोझिन की बगावत खत्म करा दी। इस पूरे मामले के बाद से प्रिगोझिन गायब हो गया था। ऐसे में उसके बेलारूस में होने की चर्चा भी थी और कुछ समय वह बेलारूस में रहा भी। अब हाल ही में प्रिगोझिन का नया वीडियो सामने आया है। बगावत के बाद यह प्रिगोझिन का पहला क्लियर वीडियो है।
प्रिगोझिन ने क्या कहा वीडियो में?
प्रिगोझिन ने अपने वीडियो में, जिसे वैगनर आर्मी के टेलीग्राम चैनल पर शेयर किया गया, बताया कि वह इस समय अफ्रीका में है और रूस को पूरी दुनिया में शक्तिशाली बनाने के लिए काम कर रहा है। साथ ही वह अफ्रीका को पहले से भी ज़्यादा आज़ाद बनाने के लिए भी काम कर रहा है।
वैगनर आर्मी में हो रही है भर्ती
प्रिगोझिन ने यह भी बताया कि वह वैगनर आर्मी में नए लड़ाकों की भर्ती भी कर रहा है। ऐसा अफ्रीका में उसके मिशन को मज़बूत बनाने के लिए किया जा रहा है।