स्वास्थ्य विभाग द्वारा जिले के तीन प्राथमिक और 4 उप स्वास्थ्य केन्द्रों के कायाकल्प की योजना तैयार की गई है। योजना के तहत तीन प्रायमरी हेल्थ सेंटरों पर 33-33 लाख जबकि उप स्वास्थ्य केन्द्रों पर 15-15 लाख रुपए की लागत से आधुनिक भवनों का निर्माण किया जाएगा। योजना के तहत कई स्थानों पर भवन बनाए जाने का काम शुरू हो चुका है। जबकि कई स्थानों के लिए कार्य योजना प्रारंभिक चरण में है। नईसराय के अस्पताल परिसर में भी 33 लाख रुपए की लागत से नवीन भवन बनाए जाने का कार्य शुरू हो गया है। जानकारी के अनुसार एनआरएचएम योजना के तहत प्रायमरी हेल्थ सेंटर नईसराय, बहादुर पुर और पिपरई के अस्पतालों का उन्नीकरण किया जाना है। इसमें पुराने अस्पताल भवन परिसर में ही एक नवीन भवन का निर्माण किया जाएगा। इस भवन में ओपीडी और जनरल वार्ड के अलावा एक्सरे रूप भी बनाया जाएगा। इससे अस्पताल में मरीजों को मिलने वाली सुविधाओं में इजाफा होना स्वभाविक है। इसके अलावा कदवाया, जलालपुर, थूबोन जी और खजूरिया के उप स्वास्थ्य केन्द्र के उन्नीकरण के लिए 15-15 लाख रुपए की कार्य योजना बनाई गई है। इसके तहत उप स्वास्थ्य केन्द्रों पर आधुनिक प्रसूती कक्षों का निर्माण किया जाएगा। सीएमएचओ ने बताया कि अभी तक थूबोन जी और खजूरिया स्थित उप स्वास्थ्य केन्द्रों के उन्नीकरण का काम पूरा हुआ है।