scriptबांग्लादेश में 15 हिंदू मंदिरों पर हमला, 100 घरों में लगाई आग | 15 Hindu temples in Bangladesh attacked, 100 houses fired and looted | Patrika News
एशिया

बांग्लादेश में 15 हिंदू मंदिरों पर हमला, 100 घरों में लगाई आग

बांग्लादेश में ब्राह्मणबरिया के नसीरनगर इलाके में 15 मंदिर को तोड़ा गया और 100 से ज्यादा घरों को नुकसान पहुंचाया गया और लूटपाट की गई।

Nov 01, 2016 / 01:02 pm

शिव शंकर

Attack on temple in Bangladesh

Attack on temple in Bangladesh

ढाका। बांग्लादेश में एक बार फिर अल्पसंख्यक हिंदू समुदाय पर हमला हुआ है। ब्राहम्नबरिया के नसीरनगर इलाके में भीड़ ने 15 हिंदू मंदिरों पर हमला कर कुछ मूर्तियों को तोड़ दिया। इसके अलावा हिंदुओं के 100 घरों को आग के हवाले कर दिया गया और लूटपाट भी की गई। 

फेसबुक पर इस्लाम के खिलाफ टिप्पणी लिखने का इल्जाम लगाते हुए कुछ लोगों ने ये तोड़फोड़ की। यह घटना रविवार की है जब दोपहर में एक फेसबुक पोस्ट के बाद विवाद बढ़ा। यह पोस्ट कथित तौर पर इस्लाम के खिलाफ बताया जाता है। पुलिस ने फेसबुक पोस्ट करने वाले शख्स को गिरफ्तार कर लिया है। मंदिरों पर हमला करने के आरोप में 6 लोगों को भी गिरफ्तार किया गया है।

फेसबुक पोस्ट के बाद उग्र भीड़ द्वारा ब्राह्मणबरिया के नसीरनगर इलाके में 15 मंदिर को तोड़ा गया और 100 से ज्यादा घरों को नुकसान पहुंचाया गया और लूटपाट की गई। नसीरनगर और माधवपुर में पुलिस, आर्म्ड पुलिस बटालियन और रैपिड एक्शन बटालियन के अलावा बॉर्डर गार्ड बांग्लादेश को भी तैनात किया गया है। पुलिस कमिश्नर रिजवान-उर-रहमान ने कहा कि पुलिस अपनी तरफ से सख्त कार्रवाई कर रही है। इस बीच हिंदू नेताओं ने कहा है कि उनके समुदाय में इन घटनाओं के बाद डर है।

आपको बता दें कि 2012 में बांग्लादेश के बौद्ध मंदिरों पर भी हमला इसी तरह की एक फेसबुक पोस्ट के बाद किया गया था। उस घटना में दो लोगों की मौत भी हुई थी। सूत्रों के अनुसार, विवादित फेसबुक पोस्ट करने वाले आरोपी का नाम रसराज दास है। उसके खिलाफ धार्मिक भावनाएं भड़काने का केस दर्ज किया गया है। 

रसराज माधवपुर का ही रहने वाला है। यहां लोगों ने आरोपी के घर को भी आग के हवाले कर दिया। जिन मंदिरों पर हमले हुए उनमें जगन्नाथ और गौरा मंदिर भी शामिल हैं। ये दोनों मंदिर हिंदुओं की आस्था के दो बड़े केंद्र माने जाते हैं। हमले में कुछ पुजारी भी घायल हुए हैं। इन्हें हॉस्पिटल में एडमिट कराया गया है। 

Hindi News/ world / Asia / बांग्लादेश में 15 हिंदू मंदिरों पर हमला, 100 घरों में लगाई आग

ट्रेंडिंग वीडियो