
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ
पत्रिका न्यूज नेटवर्क
आजमगढ़. मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ रविवार को बलिया का दौरा करेंगे। सीएम दिन में 11 बजे बलिया पहुंचगें। इस दौरान वे पूर्व प्रधानमंत्री चंद्रशेखर की प्रतिमा का अनावरण करेंगे। इसके बाद 76 करोड़ की 22 परियोजनाओं का शिलान्यास और लोकार्पण करेंगें। मुख्यमंत्री के आगमन को लेकर तैयारियां जोरशोर से चल रही है। सीएम पुलिस लाइन में ही जनसभा को संबोधित करेंगे। इस दौरान वे लाभार्थियों में प्रमाण पत्र का वितरण करेंगे। सीएम के आगमन को देखते हुए शनिवार को रूट डायवर्जन प्लान जारी किया है। कई मार्गों पर यातायात प्रतिबंधित कर दिया गया है।
जिला प्रशासन के मुताबिक सीएम योगी के आगमन की तैयारियां पूर्ण हो गई हैं। कार्यक्रम स्थल पर सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं। सीएम योगी लोकापर्ण व शिलान्यास के बाद सभास्थल पर 772 महिलाओं को स्वरोजगार से जोड़ने के लिए टूलकिट भी देंगे। यह घरेलू हिंसा की शिकार, विधवा या फिर तलाकशुदा महिलाएं हैं। उनकी सूची तैयार कर ली गई है। 10 महिलाओं को मंच पर सीएम के हाथों किट दिया जाएगा। इसके अलावा वह बलिया से विदेश में सब्जी निर्यात किए जाने की योजना की शुरूआत करेंगे। दोहा भेजने के लिए हरी मिर्च के ट्रक को हरी झंडी दिखाकर रवाना करेंगे। मिर्च उत्पादन सोहांव ब्लाक के 14 किसानों ने किया है। किसान भी इसे लेकर उत्साहित हैं।
पुलिस अधीक्षक ने बताया कि डायवर्जन प्लान के तहत रविवार को चार स्थानों पर बैरियर लगाए जाएंगे। बैरिया, रेवती, सहतवार, बांसडीह की तरफ से आने वाले छोटे-बड़े वाहन शंकरपुर तिराहा, तिखमपुर मंडी, एनसीसी तिराहा व मिड्ढी होते हुए शहर में प्रवेश करेंगे। पुलिस आफिस तिराहा से विकास भवन तक आवागमन प्रतिबंधित रहेगा। उभांव, सिकंदरपुर से आने वाले वाहनों को सुखपुरा चौराहे पर रोका जाएगा। वाहन गड़वार त्रिकालपुर तिराहा से शहर के अंदर प्रवेश करेंगे। करनई, धरहरा की तरफ से आने वाले वाहनों को हनुमानगंज चट्टी के पास रोका जाएगा।
इसी तरह बहादुरपुर से टीडी कालेज चौराहा तक रोड प्रतिबंधित रहेगा। दुबहड़, फेफना, गड़वार व शहर की तरफ से आने वाले वाहन जो रेवती, सहतवार, बांसडीह, सुखपुरा सिकंदरपुर जाना चाहते हैं वह मिड्ढी चौराहा, एनसीसी तिराहा, तिखमपुर मंडी होते हुए जाएंगे। इस दौरान आपातकालीन वाहनों एंबुलेंस, फायर टेंडर व विशेष अनुमति प्राप्त वाहनों को छूट रहेगी। उन्होंने बताया कि रूट डायवर्जन का कड़ाई से पालन कराया जाएगा। इसके अलावा कार्यक्रम स्थल पर सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं।
Published on:
05 Nov 2022 01:25 pm

बड़ी खबरें
View Allआजमगढ़
उत्तर प्रदेश
ट्रेंडिंग
