प्रतिभाशाली क्रिकेटर सरफराज अहमद को भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड ने बड़ा अवसर दिया है। सरफराज का चयन दक्षिण अफ्रीका दौरे के लिए भारतीय ए टीम में किया है। सरफराज को यह मौका उनके फस्ट क्लास क्रिकेट में बेहतर प्रदर्शन के आधार पर दिया गया है।
पत्रिका न्यूज नेटवर्क
आजमगढ़. आईपीएल में आरसीबी व किंग इलेवन पंजाब तथा रणजी में महाराष्ट्र के लिए खेल चुके आजमगढ़ के प्रतिभाशाली क्रिकेटर सरफराज अहमद अब भारतीय ए टीम के लिए खेलेंगे। सरफराज का चयन भारतीय ए टीम के दक्षिण अफ्रीका दौरे के लिए हुआ है। उन्हें यह मौका रणजी में जोरदार प्रदर्शन के लिए दिया गया है। सरफराज दो बार अंडर-19 वर्ल्ड कप खेल चुके हैं। एक वर्ल्डकप में लगातार सात पचासा लगाने का रिकार्ड भी सरफराज के नाम है।
बता दें कि मूल रूप से जीयनपुर कोतवाली क्षेत्र के बासूपार गांव के रहने वाले सरफराज खान की गिनती देश के प्रतिभाशाली क्रिकेटर में होती है। आईपीएल में चार सीजन कोहली की टीम रायल चौलेंजर बेंगलूरू के सदस्य रहे। इन्हें कोहली का पसंदीदा खिलाड़ी माना जाता है। इसके बाद दो सीजन उन्होंने किंग इलेवन पंजाब के लिए खेला। सरफरार ने आईपीएल के 33 मैचों की 23 इनिंग में सरफराज 142.7 के स्ट्रइक रेट से 467 रन बनाए है। इसमें एक अर्धशतक शामिल है। लीस्ट ए के 13 मैचों की 11 इनिंग में एक शतक सहित इन्होंने 257 रन बनाए हैं।
रणजी में जोरदार प्रदर्शन
फस्ट क्लास मैचों में सरफराज का प्रदर्शन जोरदार रहा है। 17 मैच की 26 पारियों में इन्होंने चार शतक और इतने ही अर्धशकत के साथ 1463 रन बनाए है। जिसमें इनका सर्वाेच्च स्कोर 301 रन है। जो दो वर्ष पूर्व इन्होंने यूपी के खिलाफ बनाया था। बता दें कि सरफराज यूपी की टीम से रणजी खेलना चाहते थे लेकिन टीम में उनका चयन नहीं हुआ। इसके बाद उन्होंने महाराष्ट्र से खेलने का फैसला किया। महाराष्ट्र से खेलते हुए रणजी के एक मैच में यूपी के खिलाफ 301 रन तथा फिर हिमांचल के खिलाफ नाबाद 226 रन की पारी खेली थी।
दो बार खेल चुके है अंडर 19 वर्ल्डकप
सरफराज खान इंडिया की अंडर 19 टीम से दो बार वर्ल्ड कप खेल चुके हैं। एक वर्ल्ड कप में लगातार सात अर्द्घशतक लगाने का रिकार्ड उनके नाम पर है। आईपीएल की तरह सरफराज ने अंडर-19 वर्ल्डकप में भी जोरदार प्रदर्शन किया था।
भारतीय ए टीम में चयन
इसी माह में भारतीय ए टीम का दक्षिण अफ्रीका दौरा होना है। बीसीसीआई ने पिछले प्रदर्शन के आधार पर सरफराज को टीम में जगह दी है। दक्षिण अफ्रीका के इस दौरे पर भारतीय ए टीम ब्लू फाउंटेन में 23 नवंबर से छह दिसंबर तक तीन मैचों की श्रृंखला खेलेगी।
बीसीसीआई ने पहचानी प्रतिभा
जिला क्रिकेट संघ के अध्यक्ष एसके सत्येन का कहना है कि सरफराज ने खुद को कई बार साबित किया है। रणजी में उसका चयन यूपी की टीम में न होना दुर्भाग्यपूर्ण था। भारतीय ए टीम के साथ दक्षिण अफ्रिका में सरफराज अच्छा प्रदर्शन करेगा।