
आजादी का अमृत महोत्सवः 201 मीटर लंबे राष्ट्रीय ध्वज के साथ युवाओें ने निकाली तिरंगा यात्रा
पत्रिका न्यूज नेटवर्क
आजमगढ़. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के अह्वान के बाद आजादी का अमृत महोत्सव धूमधाम से मनाया जा रहा है। महोत्सव को लेकर उत्साह चरम पर है। मंगलवार को अंबिका सेना संस्थान के द्वारा पूर्वांह्न दस बजे जिला मुख्यालय पर तिरंगा यात्रा निकाली गई। 201 मीटर के राष्ट्रीय ध्वज के साथ निकाली गई इस तिरंगा यात्रा को लेकर युवाओं में भारी उत्साह दिखा। पूरा शहर भारत माता के जयकारे से गंूजता नजर आया। इस दौरान युवाओं ने लोगों को राष्ट्रवाद का संदेश दिया। जिले में यह अब तक की सबसे बड़े राष्ट्रीय ध्वज के साथ निकाली गई तिरंगा यात्रा है।
अंबिका सेवा संस्थान बिन्द्राबाजार के बैनर तले सैकड़ों की संख्या में लोग दिवानी न्यायालय के पास स्थित चर्च चौराहे पर एकत्र हुए। यहां वैदिक मंत्रोच्चार के बीच भारत माता का पूजन अर्चन किया गया। जिलाधिकारी विशाल भारद्वाज और भाजपा प्रदेश कार्यसमिति सदस्य अखिलेश मिश्र गुड्डू ने दीप प्रज्ज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया। इसके बाद तिरंगा यात्रा शुरू हुई। अंबिका सेवा संस्थान के अध्यक्ष रूप नरायण उपाध्याय, सचिव अभिषेक उपाध्याय के नेतृत्व में निकाली गई इस यात्रा में युवा 201 मीटर लंबे तिरंगे के साथ शामिल हुए। यात्रा चर्च चौराहे से शुरू हुई जो दीवानी न्यायालय, सिविल लाइन, अग्रसेन चौराहा, कलेक्ट्रेट होते हुए नरौली तिरंगा चौराहे पर पहुंच कर संपन्न हुई। इस दौरान लोगों को 13 से 15 अगस्त तक अपने घरों पर तिरंगा लगाने की अपील की गई।
बीजेपी प्रदेश कार्यसमिति सदस्य अखिलेश मिश्र गुड्डू ने कहा कि पीएम मोदी के अह्वान पर पूरे देश में आजादी का अमृत महोत्सव मनाया जा रहा है। इसी कड़ी में आज अंबिका सेवा संस्थान द्वारा तिरंगा यात्रा निकाली गई है। उन्होंने कहा कि हम सभी भाग्यशाली हैं कि देश की हमें देश की आजादी का अमृत महोत्सव मनाने का अवसर मिल रहा है।
जिलाधिकारी विशाल भारद्वाज ने कहा कि आजादी के अमृत महोत्सव के तहत 13 से 15 अगस्त तक हर घर पर तिरंगा फहराया जाएगा। इसी परिपेक्ष में आज सामाजिक संगठन अंबिका सेवा संस्थान द्वारा तिरंगा यात्रा निकाली गई है। इसमें सामाजिक संगठनों के साथ विभिन्न स्कूलों के विद्यार्थियों ने 201 मीटर लंबे तिरंगे के साथ भाग लिया।
Published on:
09 Aug 2022 12:28 pm

बड़ी खबरें
View Allआजमगढ़
उत्तर प्रदेश
ट्रेंडिंग
