
गांगुलपारा घाटी में हादसा : चट्टान से टकराकर यात्री बस पलटी, 40 यात्री घायल
बालाघाट. बैहर से बालाघाट आ रही एक यात्री बस गांगुलपारा घाटी में चट्टान से टकराकर पलट गई। भरवेली थाना अंतर्गत बालाघाट से बैहर मार्ग पर मंगलवार की रात्रि करीब पौने आठ बजे हुई इस घटना में बस में सवार 40 यात्री घायल हो गए। जिसमें सात यात्रियों की गंभीर हालत देखते हुए जिला अस्पताल में भर्ती किया गया है। घटना की सूचना मिलने पर पुलिस और डायल-100, 108 एंबुलेंस मौके पर पहुंची। घायलों को 108 एंबुलेंस की मदद से जिला अस्पताल लाया गया। जहां डॉक्टरों द्वारा घायलों का उपचार किया जा रहा था।
जिला अस्पताल में भर्ती घायल यात्रियों ने बताया कि साईं राम बस सर्विस में सवार होकर बालाघाट आ रहे थे। तभी यात्री बस गांगुलपारा घाट पहुंची थी कि बड़े चट्टान से टकराते हुए पलट गई। बस के सामने क्या आया यह पता नहीं है। बस के पलटते ही चीख पुकार मच गई। यात्री बस पलटने से भुनेश पिता रंगलाल दमाहे (40) निवासी ग्राम बोदा, राहुल पिता राजाराम डहरवाल (45), दीपक पिता कृष्णदास बघेल (17) वार्ड क्रमांक 13 बूढ़ी निवासी, रेखा पति जितेंद्र चौधरी (35) रूपझर निवासी, हरीश पिता नारायण दास सिंघानी (38), दीपक बघेल वार्ड क्रमांक 13 बूढ़ी और हरि पिता फूलचंद धुर्वे भटेरा निवासी को गंभीर चोटें आई है। जिन्हें इलाज के लिए जिला अस्पताल में भर्ती किया गया है। उल्लेखनीय है कि बालाघाट-बैहर मार्ग पर गांगुलपारा घाटी में आए दिन हादसे होते रहते हैं। बावजूद इसके वाहन चालक अपने वाहन के रफ्तार पर अंकुश नहीं रखते हैं। जिसके कारण मार्ग पर आए दिन हादसे होते रहते हैं। मंगलवार को भी इसी तरह यात्री बस अनियंत्रित होकर पलट गई। शुक्र है कि इस घटना में मौके पर कोई जनहानि नहीं हुई।
Published on:
4 Oct 2022, 10:34 PM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.