
पीठ प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र का मामला
पीठ : राजकीय प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पीठ में प्रभारी चिकित्सक और कर्मचारियों की लेट-लतीफी के कारण मरीजों को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। अस्पताल में समय पर इलाज न मिलने की वजह से मरीजों को मजबूरी में निजी चिकित्सालयों का रुख करना पड़ रहा है। वर्तमान में अस्पतालों का सेवा समय सुबह 8 से दोपहर 2 बजे तक निर्धारित है, लेकिन सुबह सवा 9 बजे तक प्रभारी चिकित्सक केंद्र से नदारद थे। उपस्थित नर्सिंग कर्मी ने बताया कि डॉक्टर अभी नहीं आए हैं। मोबाइल पर संपर्क करने पर प्रभारी डॉ. आशीष ने कार्य व्यस्तता की बात कहकर आधे-पौने घंटे में आने की बात कही। स्थानीय निवासियों का आरोप है कि ब्लॉक स्तरीय अधिकारी के सीमलवाड़ा पंचायत का निवासी होने के कारण अधीनस्थों पर प्रभावी निगरानी नहीं हो पाती है। क्षेत्रवासियों ने ब्लॉक से बाहर के अधिकारी की नियुक्ति की मांग की है। वहीं, सीमलवाड़ा खंड प्रभारी डॉ. नरेंद्र प्रसाद प्रजापत ने बताया कि पौने 10 बजे तक भी चिकित्सक उपस्थित नहीं थे, जानकारी ली जाएगी। प्रशासक गंगादेवी डामोर का कहना है कि सेक्टर स्तरीय पीएचसी से करीब 25 हजार जनसंख्या आबादी जुड़ी हुई है।प्रतिमाह 20 से 25 लाख रुपए वेतन चुकाया जाता है।चिकित्सकों की लेट लतीफी से निः शुल्क सुविधा पाने में भी मरीजों का रुझान घटा है।
इनका कहना है........
पीठ पीएचसी में चिकित्सक की अनियमित सेवा,रोजाना लेट की शिकायत पर सेक्टर केंद्रों की आकस्मिक जांच कर कार्रवाई की जाएगी।डॉ.अलंकार गुप्ता,
सीएमएचओ,डूंगरपुर।
Updated on:
24 Jul 2026 06:00 am
Published on:
24 Jul 2026 06:00 am
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.
