स्वतंत्रता दिवस समारोह जिला मुख्यालय में स्थानीय बेसिक स्कूल ग्राउंड में हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। पर्यटन मंत्री ने परेड की सलामी ली।
बेमेतरा.स्वतंत्रता दिवस समारोह जिला मुख्यालय में हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि प्रदेश के सहकारिता, संस्कृति और पर्यटन मंत्री दयालदास बघेल ने स्थानीय बेसिक स्कूल ग्राउंड में ध्वजारोहण कर परेड की सलामी ली। उन्होंने प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह का प्रदेश की जनता के नाम संदेश का वाचन किया और शांति के प्रतीक स्वेत कपोत एवं उत्साह व उमंग के प्रतीक गुब्बारे अकाश में उड़ाए।
विद्यार्थियों ने मनमोहक सांस्कृतिक प्रस्तुति दी
समारोह के दौरान नगर के विभिन्न स्कूलों के विद्यार्थियों ने मनमोहक सांस्कृतिक प्रस्तुति दी। मुख्य अतिथि ने सांस्कृतिक कार्यक्रम में प्रथम, द्वितीय व तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले विद्यालय के प्रतिभागी बच्चों को पुरस्कार वितरण किया। उन्होंने विभिन्नि विभागों के कर्मचारियों को उत्कृष्ठ सेवा के लिए सम्मान पत्र भी प्रदान किया।
परेड द्वारा हर्ष फायर और तिरंगे झंडे का जयकार किया गया। शांति के प्रतीक स्वेत कपोत एवं उत्साह व उमंग के प्रतीक रंग-बिरंगे गुब्बारे आकाश में उड़ाये गए। मुख्य अतिथि ने परेड में शामिल प्लाटून कमांडरों से परिचय प्राप्त किया।
शहीद के परिजनों को शॉल एवं श्रीफल भेंट किए
उन्होंने जिले के स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों के परिजनों और नक्सली हमले में शहीद पुलिस के जवान वासुदेव साहू के परिजनों को शॉल एवं श्रीफल भेंट किए। परेड कमाण्डर उप पुलिस अधीक्षक सारिका वैद्य के नेतृत्व में परेड में जिला पुलिस बल प्लाटून नम्बर 01, जिला पुलिस बल प्लाटून नम्बर 02, नगर सेना, शासकीय उच्चत्तर माध्यमिक शाला बेमेतरा के स्काउट के छात्र, शासकीय कन्या उच्चतर माध्यमिक शाला बेमेतरा के रेडक्रॉस और गाइड, शासकीय उत्तर बुनियादी शाला बेमेतरा के स्काऊट के छात्र और एकडमिक वल्र्ड पब्लिक स्कूल के बैंड पार्टी शामिल थे।
प्रतिभागी विद्यालयों को पुरस्कृत किया
समारोह स्थल पर नगर के विभिन्न स्कूलों के एक हजार विद्यार्थियों ने शारीरिक सौष्ठव का प्रदर्शन किया। समारोह में पतंजली योग समिति जिला बेमेतरा के 12 विद्यार्थियों के द्वारा योग प्रदर्शन किया गया। प्रतिभागी विद्यालयों को पुरस्कृत किया गया। इसके तहत् इंडियन पब्लिक स्कूल बेमेतरा को प्रथम पुरस्कार, ज्ञानोदय पब्लिक स्कूल बेमेतरा को द्वितीय, कस्तूरबा गांधी बालिका आवासीय विद्यालय को तृतीय पुरस्कार प्रदान किया गया। इसके अलावा सांस्कृतिक कार्यक्रम की प्रस्तुति में शामिल अन्य विद्यालयों को सांत्वाना पुरस्कार दिए गए।
स्काउट को तृतीय पुरस्कार
इसी प्रकार मार्चपास्ट के लिए जिला पुलिस बल प्लाटून नम्बर 01 को प्रथम, जिला पुलिस बल प्लाटून नम्बर 02 को द्वितीय एवं नगर सेना को तृतीय पुरस्कार दिया गया। स्कूल वर्ग में शासकीय कन्या उच्चत्तर माध्यमिक शाला बेमेतरा रेडक्रास को प्रथम, शासकीय बालक उच्चत्तर माध्यमिक विद्यालय बेमेतरा के स्काउट को द्वितीय, उच्चत्तर बुनियादी शाला बेमेतरा के स्काउट को तृतीय पुरस्कार प्रदान किया गया।
सरपंचों को सम्मान पत्र प्रदानकर सम्मानित
पतंजली योग समिति के विद्यार्थियों को योग प्रदर्शन के लिए और एकेडमिक वल्र्ड पब्लिक स्कूल के बैंड दल को विशेष पुरस्कार दिया गया। खुले में शौचमुक्त ग्राम पंचायतों के सरपंचों को सम्मान पत्र प्रदानकर सम्मानित किया गया। जिसमें बेमेतरा विकासखंड के ग्राम पंचायत बटार, बेरला विकासखंड के ग्राम पंचायत रवेली, नवागढ़ विकासखंड के ग्राम पंचायत तोरा और साजा विकासखंड के ग्राम मासुलगोंदी शामिल है। मुख्य अतिथि ने नवागढ़ विकासखंड के ग्राम पंचायत तोरा निवासी दिव्यांग महिला टेटकी बाई को पेंशन राशि जमा कर अपने घर में शौचालय निर्माण कराने के लिए सम्मान पत्र प्रदान कर सम्मानित किया।