
बैतूल। माध्यमिक शिक्षा मंडल की 10वीं और 12वीं कक्षा की बोर्ड परीक्षाओं को लेकर जिले में प्रशासनिक तैयारियां अंतिम चरण में पहुंच गई हैं। शुक्रवार को उत्कृष्ट विद्यालय परिसर में बोर्ड परीक्षा से जुड़ी गोपनीय सामग्री का वितरण शुरू किया गया। कड़ी सुरक्षा और निगरानी के बीच यह प्रक्रिया संपन्न कराई गई। सुबह से ही विभिन्न परीक्षा केंद्रों के केंद्र अध्यक्ष और सहायक केंद्र अध्यक्ष उत्कृष्ट विद्यालय पहुंचने लगे थे। पहले दिन जिले के 112 परीक्षा केंद्रों के लिए प्रश्नपत्र और अन्य गोपनीय सामग्री वितरित की गई। सामग्री वितरण के दौरान पारदर्शिता और गोपनीयता का विशेष ध्यान रखा गया। प्रश्नपत्र संबंधित थाना क्षेत्रों में सुरक्षित रखे जाएंगे, जिन्हें परीक्षा के दिन केंद्र अध्यक्ष थाने से लेकर परीक्षा केंद्र तक पहुंचाएंगे। शनिवार को कोतवाली, गंज और बैतूल बाजार थाना क्षेत्रों के अंतर्गत आने वाले परीक्षा केंद्रों के लिए गोपनीय सामग्री का वितरण किया जाएगा। पहले दिन जिला मुख्यालय से जुड़े कुछ थानों को छोडकऱ शेष सभी थाना क्षेत्रों के परीक्षा केंद्रों की सामग्री वितरित कर दी गई है।
127 केंद्रों पर होगी बोर्ड परीक्षा
जिले में इस वर्ष 10वीं और 12वीं बोर्ड परीक्षा के लिए कुल 127 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं। इनमें से 4 केंद्र अति संवेदनशील और 7 केंद्र संवेदनशील घोषित किए गए हैं। कक्षा 12वीं की परीक्षा 10 फरवरी से प्रारंभ होगी। कक्षा 10वीं की परीक्षा 17 फरवरी से शुरू की जाएगी। इस बार कक्षा 10वीं में 18,821 विद्यार्थी और कक्षा 12वीं में 14,544 विद्यार्थी परीक्षा में शामिल होंगे। इस तरह कुल 34 हजार से अधिक छात्र-छात्राएं बोर्ड परीक्षा देंगे।
संवेदनशील केंद्रों पर पुलिस तैनाती, मोबाइल पर सख्त प्रतिबंध
संवेदनशील और अति संवेदनशील श्रेणी में आने वाले 11 परीक्षा केंद्रों पर पुलिस जवानों की तैनाती की जाएगी। परीक्षा की निष्पक्षता बनाए रखने के लिए परीक्षा केंद्रों में मोबाइल जैमर लगाए गए हैं। केंद्र अध्यक्षों सहित किसी भी अधिकारी को परीक्षा कक्ष में मोबाइल ले जाने की अनुमति नहीं होगी। नियमों के उल्लंघन पर संबंधित के खिलाफ कड़ी कार्रवाई किए जाने के निर्देश दिए गए हैं। परीक्षा प्रतिदिन सुबह 9 बजे से दोपहर 12 बजे तक आयोजित की जाएगी।
नकल रोकने उडऩदस्ते सक्रिय
नकल और अनियमितताओं पर अंकुश लगाने के लिए जिला और ब्लॉक स्तर पर उडऩदस्तों का गठन किया गया है। जिला स्तरीय उडऩदस्ते में जिला शिक्षा अधिकारी, डीपीसी, उत्कृष्ट विद्यालय के प्राचार्य, सहायक आयुक्त सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी शामिल हैं। ये दल परीक्षा केंद्रों का औचक निरीक्षण कर व्यवस्थाओं पर नजर रखेंगे।
Published on:
06 Feb 2026 09:38 pm
बड़ी खबरें
View Allबेतुल
मध्य प्रदेश न्यूज़
ट्रेंडिंग
