भीलवाड़ा

पत्रिका की खबर के बाद चेती सरकार, बच्चों को मिलेगा दूध

पहली से 8वीं तक के 2 लाख 96 हजार 308 बच्चों को मिलेगा मिल्क पाउडर दूध

2 min read
Sep 22, 2022
पत्रिका की खबर के बाद चेती सरकार, बच्चों को मिलेगा दूध

भीलवाड़ा . आखिरकार सरकार को स्कूलों में बच्चों को मिड-डे मिल के रूप में दूध पिलाने की सुध आई है। बजट घोषणा के बावजूद ढाई माह से बच्चे दूध से वंचित थे। राजस्थान पत्रिका में खबर प्रकाशित हुई तो अफसर हरकत में आ गए। अब भीलवाड़ा डेयरी स्कूलों को दूध पाउडर की आपूर्ति में जुट गई है। प्रदेश के सात जिलों के सरकारी विद्यालयों में 572 मेट्रिक टन मिल्क पाउडर का डेयरी वितरण करेगी। इससे लाखों बच्चे लाभान्वित होंगे।


राजस्थान पत्रिका ने 18 सितम्बर के अंक में मुख्यमंत्रीजी: बाल गोपाल कर रहे दूध का इंजतार शीर्षक से समाचार का प्रकाशन किया था। समाचार में मुख्यमंत्री अशोक गहलोत की ओर से ढाई माह पूर्व बजट अभिभाषण में सरकारी विद्यालयों के बच्चों को कुपोषित होने से बचाने के लिए मिड-डे -मिल में दूध वितरण करने का निर्णय लिया था। लेकिन ढाई माह से घोषणा धरातल पर नहीं उतरी थी। खबर प्रकाशन के बाद भीलवाड़ा डेयरी ने मिल्क पाउडर देने का निर्णय किया है।

जिले के तीन लाख बच्चे होंगे लाभान्वित-
जिले में पहली से आठवीं तक के 2 लाख 96 हजार 308 बच्चों को मिल्क पाउडर वितरित किया जाएगा। सबसे पहले आसीन्द ब्लॉक में 7825, हुरड़ा में 7825 तथा रायपुर में 4360 किलोग्राम पाउडर की सप्लाई की है।

सात प्लांट से होगी सप्लाई
प्रदेश के सभी 33 जिलों को प्रदेश के सात दूध प्लांट अजमेर, अलवर, भीलवाड़ा, हनुमानगढ़, जयपुर तथा रानीवाड़ा डेयरी से कुल 2364.940 मेट्रिक टन मिल्क पाउडर की सप्लाई की जाएगी।

भीलवाड़ा डेयरी करेगी 7 जिलों को सप्लाई
भीलवाड़ा डेयरी जिले के अलावा चित्तौड़गढ़, राजसमन्द. उदयपुर, प्रतापगढ़, बांसवाड़ा, डूंगरपुर जिलों को मिल्क पाउडर की आपूर्ति करेगा। इसके तहत भीलवाड़ा में 20,010 किलोग्राम, प्रतापगढ़ में 46,160, बांसवाड़ा में 98,370 तथा डूंगरपुर में 76,695 किलोग्राम मिल्क पाउडर की सप्लाई की गई है।

-----
बच्चों को जल्द मिलेगा दूध-
जिले में तीन ब्लॉक में मिल्क पाउडर का वितरण शुरू हो चुका है। जल्द ही जिलेभर की स्कूलों को आपूर्ति होगी। स्कूलों में बच्चों को को जल्द ही दूध पीने को मिलेगा।
-बंशीलाल कीर, जिला शिक्षा अधिकारी (प्रारंभिक )

Published on:
22 Sept 2022 09:37 am
Also Read
View All

अगली खबर