
National Digital Library in bhilwara
भीलवाड़ा।
राजकीय जिला पुस्तकालय अब नेशनल डिजिटल लाइब्रेरी से जुड़ गया है। पहले दिन 43 पाठकों को डिजिटल लाइब्रेरी की सदस्यता दिलाई गई। इस संदर्भ में पुस्तकालय अध्यक्षों को जयपुर में प्रशिक्षण दिया गया था।
जिला पुस्तकालय के पुस्तकालयाध्यक्ष राजेश पुरोहित ने बताया कि डिजिटल लाइब्रेरी पर उपलब्ध ज्ञान को सार्वजनिक पुस्तकालयों के माध्यम से आमजन तक उपलब्ध करवाने के लिए जयपुर में दो दिवसीय वर्कशॅाप आयोजित की गई थी।
पूरे प्रदेश के पुस्तकालयाध्यक्षों को प्रशिक्षण दिया गया था। बाद में जिला पुस्तकालय को डिजिटल लाइब्रेरी के नेटवर्क से जोड़ दिया गया। सोमवार को भीलवाड़ा के ४७ पाठकों को लॉगिन आईडी और पासवर्ड दिए गए। ये पाठक डिजिटल बुक्स की साइट जाकर उपलब्ध साहित्य का अध्ययन कर सकेेंगे। पुरोहित ने बताया कि भीलवाड़ा में अधिकतम 1000 पाठकों को सदस्यता दी जा सकेगी।
उन्होंने बताया कि भीलवाड़ा में भी नेशनल डिजिटल लाइब्रेरी की सदस्यता देने का काम शुरू हो गया है। पुस्तकालय के जितेन्द्र शेखावत ने पाठक इन्द्रजीत, तुलसीराम, प्रज्ञा, सांवरव्यास, कोमल खत्री व पवन तिवाड़ी को डिजिटल लाइब्रेरी से जोड़ा।
स्थापना दिवस पर रक्तदान कर किया पौधरोपण
भीलवाड़ा. दी इंस्टिट्यूट ऑफ चार्टर्ड एकाउंटेंट्स ऑफ इंडिया की भीलवाड़ा शाखा ने रविवार को 70 वां स्थापना दिवस प्लैटिनम जुबली के रूप में मनाया। पटेल नगर स्थित भवन परिसर के बाहर पौधे लगाए गए। शाखा अध्यक्ष सीए अरुण काबरा ने बताया कि कार्यक्रम की शुरूआत ध्वजारोहण से हुई। बाद में नवनिर्मित सेमिनार हॉल व कंप्यूटर लैब का उद्घाटन सांसद सुभाष बहेडिय़ा ने किया।
शाखा के पांच वरिष्ठ सदस्य सीए जेपी अग्रवाल, सीए निर्मल खजांची, सीए पुरषोत्तम माहेश्वरी, सीए सुरेश कोगटा, सीए अतुल सोमानी को सम्मानित किया गया आईसीएआई टूर्नामेंट के विजेताओं को पुरुस्कृत भी किया गया। जीएसटी पर सेमिनार का आयोजन भी किया गया।
शाखा सिकासा अध्यक्ष सीए प्रदीप सोमानी ने बताया कि जीएसटी लागू होने को एक वर्ष पूरा होने पर आज के दिन को जीएसटी दिवस के रूप में मनाया गया। संगोष्ठी का आयोजन हुआ, जिसमें अध्यक्षता शाखा अध्यक्ष सीए अरुण काबरा ने की। मुख्य अतिथि अनिरुद्ध वैष्णव सहायक आयुक्त, मुकेश दीक्षित एवं डॉ कुलभान सिंह राज्य कर अधिकारी वाणिज्य कर विभाग थे।
संगोष्ठी में अन्य वक्ता सीए सुमित कच्छारा, सीए हरीश सुवालका एवं सीए आशीष सिंघवी थे। संगोष्ठी में सीए अतुल सोमानी, हेमंत छाजेड़, प्रदीप सोमानी, सुनील सोमानी सहित कई सीए स्टूडेंट उपस्थित थे। शाखा सचिव सीए नवीन कोगटा ने बताया कि समारोह के तहत रक्तदान व ईएनटी, नेत्र जांच शिविर का आयोजन किया गया, जिसमें 51 यूनिट रक्त एकत्रित किया गया।
Published on:
2 Jul 2018, 6:49 PM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.