
एसटीपी से उपचारित पानी अब औद्योगिक इकाइयों को मिल सकेगा
भीलवाड़ा. आरयूआईडीपी के बनाए सीवरेज ट्रीटमेंट प्लांट (एसटीपी)का संचालन नगर परिषद नए साल से करेगी। इस प्लांट से उपचारित जल का उपयोग भीलवा़ड़ा की औद्योगिक इकाइयों को हो सकेगा। हिन्दुस्तान जिंक चंदेरिया व संगम ग्रुप इस पानी की मांग कर चुका है। इसके लिए दोनों इकाइयों ने नगर परिषद को पत्र भी लिखा है।
आरयूआईडीपी के अधीक्षण अभियन्ता सूर्यप्रकाश संचेती ने पानी की उपलब्धता को लेकर मेवाड़ चैम्बर ऑफ काॅमर्स एंड इंडस्ट्री को पत्र लिखा है। संचेती ने बताया कि कुवाड़ा में 30 एमएलडी क्षमता के एसटीपी व 48 एमएलडी क्षमता के सीवरेज पम्पिंग स्टेशन का निर्माण पूरा हो गया है। राजस्थान राज्य प्रदूषण नियंत्रण मण्डल से संचालन के लिए स्वीकृति मिल चुकी है। नव वर्ष से एसटीपी का संचालन शुरू होगा। इससे तीन करोड़ लीटर पानी प्रतिदिन उपचारित कर पुनः उपयोग के लिए मिल सकेगा। यह पानी नगर परिषद भीलवाड़ा व जिन्दल सॉ लिमिटेड के मध्य पहले हुए करार के अतिरिक्त होगा।
चैम्बर महासचिव आरके जैन को बताया कि चैम्बर सदस्य इकाइयों को इस उपचारित पानी को उपयोग में लेने के लिए नगर परिषद को प्रस्ताव देने होंगे। औद्योगिक इकाइयों को नियमानुसार राशि पर जल उपलब्ध हो पाएगा।
Published on:
01 Jan 2023 12:48 pm
