भिवाड़ी. रिक्रूट ट्रेन एंड डिप्लॉय मॉडल (आरटीडी) के रूप में आरएसएलडीसी के माध्यम से इंडस्ट्री कनेक्ट का आयोजन मंगलवार को किया गया। इंडस्ट्री कनेक्ट में आरटीडी पैटर्न पर युवाओं को प्रशिक्षण देकर रोजगार देने के लिए 18 प्रमुख कंपनियों के साथ एमओयू हुए। ओटोमोटिव सेक्टर की दो कंपनियों ने भी प्रजेंटेशन दिया। कार्यक्रम में विभिन्न क्षेत्र की 50 कंपनियों ने भागीदारी की।
आरएसएलडीसी की अध्यक्ष एवं प्रबंध निदेशक रेणु जयपाल ने बताया कि स्किल सेक्टर में वर्तमान एवं भावी रोजगार की संभावनाओं को समझने तथा स्किल पाठ्यक्रमों में बाजार की मांग अनुसार बदलाव करने पर ध्यान दिया गया है। बजट में युवाओं के कौशल विकास और रोजगार पर खर्च होने वाली राशि को 200 करोड़ रुपए किया गया है। इंडस्ट्री कनेक्ट का उद्देश्य नियोक्ताओं एवं अन्य सभी संबंधित संस्थाओं के मध्य परस्पर सहभागिता को बढ़ाना है, जिससे राज्य में स्थापित कौशल विकास तंत्र को अधिक मजबूत बनाकर युवाओं को रोजगार के बेहतर अवसर दिए जा सकें। युवाओं के रोजगार में निरंतरता को बनाए रखने के उद्देश्य से संकल्प परियोजना के तहत निगम द्वारा बस स्टैंड के पास माईगेसन सपोर्ट सेंटर का संचालन किया जा रहा है। कार्यक्रम में एडीएम डॉ. गुंजन सोनी, बीएमए अध्यक्ष सुरेंद्र चौहान, उद्योग संघ जीएम खेमाराम यादव सहित संबंधित इंडस्ट्री के प्रतिनिधि मौजूद रहे।