2 मई 2026,

शनिवार

Patrika Logo
Switch to English
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

छह घंटे डाउन रहा एयर इंडिया का सर्वर, उड़ानें हुईं प्रभावित, मुंबई-दिल्ली से चार घंटे देरी से आए विमान

यात्री बोले- कंपनी ने सुध लेना तो दूर सही जानकारी भी नहीं दी

3 min read
Google source verification
patrika

छह घंटे डाउन रहा एयर इंडिया का सर्वर, उड़ानें हुईं प्रभावित, मुंबई-दिल्ली से चार घंटे देरी से आए विमान

भोपाल. एयर इंडिया के एसआइटीए सर्वर में आई तकनीकी खराबी के कारण घरेलू एवं अंतरराष्ट्रीय उड़ानों पर असर पड़ा। शनिवार-रविवार की दरमियानी रात तीन बजे सर्वर डाउन होने से दिल्ली से भोपाल समेत तमाम शहरों को जोडऩे वाली 18 फ्लाइट्स तीन से चार घंटे तक देरी से उड़ान भर सकीं। दिल्ली और मुंबई से भोपाल आने वाली फ्लाइट चार घंटे देरी से आईं। भोपाल से दिल्ली और मुंबई की फ्लाइट भी चार घंटे देरी से रवाना हुईं। भोपाल से दिल्ली के लिए 111 यात्रियों ने बुकिंग कराई थी। मुंबई के लिए 104 यात्रियों ने राजा भोज एयरपोर्ट पर तीन से चार घंटे तक परेशानी उठाई। सही जानकारी नहीं मिलने पर आक्रोशित यात्रियों ने हंगामा किया।

दिल्ली एयरपोर्ट पर परेशान हुए भोपाल के यात्री
एयर इंडिया की एआइ 435 दिल्ली-भोपाल फ्लाइट के यात्री दिल्ली एयरपोर्ट पर तीन से चार घंटे तक परेशान होते रहे। यात्रियों का आरोप है कि कंपनी ने वजह नहीं बताई, जिससे उनका शेड्यूल बिगड़ गया। एयरपोर्ट पर एयर इंडिया द्वारा स्वल्पाहार तक की व्यवस्था नहीं की। ऐसे में बच्चों एवं बुजुर्गों को परेशानी हुई। एयर इंडिया काउंटर पर यात्रियों को फ्लाइट संबंधी सही जानकारी नहीं दिए जाने से अफरा-तफरी की स्थिति बनी रही।
भोपाल एयरपोर्ट पर चार घंटे इंतजार
रा जधानी के राजा भोज एयरपोर्ट पर भी यात्रियों को दिल्ली और मुंबई फ्लाइट के लिए चार घंटे तक इंतजार करना पड़ा। एयर इंडिया की एआइ 435 दिल्ली-भोपाल फ्लाइट तय समय सुबह 7.20 के बजाय 11.20 पर पहुंची। यही फ्लाइट सुबह आठ बजे भोपाल से दिल्ली के लिए रवाना होती है, पर शनिवार को ये 12 बजे उड़ सकी। इसी तरह सुबह 7.20 बजे भोपाल आने वाली एआइ 633 मुंबई-भोपाल फ्लाइट 11.25 पर आई। यही फ्लाइट भोपाल से मुंबई के लिए तय समय 8.10 के बजाय 12.15 पर रवाना हुई। इस पर यात्रियों ने हंगामा किया। उनका आरोप है कि यहां भी एयर इंडिया की ओर से सही जानकारी नहीं दी गई। सर्वर ठप होने से यात्रियों के बोर्डिंग पास बनाने में दिक्कत आई।

ट्विटर पर एयर इंडिया ने दी सफाई
‘हमने एसआइटीए सर्वर सिस्टम में अस्थायी समस्या का सामना किया, शनिवार सुबह 8 बजकर 45 मिनट पर इसे बहाल कर दिया। सीएमडी, निदेशकों, स्टेशन प्रमुखों सहित एयर इंडिया के वरिष्ठ अधिकारी स्थिति को नियंत्रित करने और यात्रियों की सुविधा के लिए हवाई अड्डों पर पहुंच गए थे। असुविधा को कम करने के लिए उड़ानों को पुनर्निर्धारित किया गया है।’
भोपाल आने-जाने वाली इन फ्लाइट्स पर असर
एआइ 435 दिल्ली-भोपाल फ्लाइट सुबह 5.55 बजे दिल्ली से टेकऑफ होकर 7.20 बजे भोपाल आती है। शनिवार को ये फ्लाइट चार घंटे की देरी से 11.20 बजे भोपाल आई। यही विमान एआइ 436 भोपाल से दिल्ली के लिए सुबह आठ बजे उड़ान भरता है, पर दोपहर 12 बजे दिल्ली जा सका।
एआइ 633 मुंबई-भोपाल फ्लाइट सुबह 5.50 बजे मुंबई से उडकऱ सुबह 7.25 बजे भोपाल आती है। ये फ्लाइट सुबह 10 बजे मुंबई से उड़ान भर सकी और चार घंटे की देरी से 11.25 बजे भोपाल आई। यही विमान एआइ 634 सुबह 8.10 बजे मुंबई के लिए उड़ान भरता है, पर शनिवार को ये 12.15 मिनट पर उड़़ सका।

दिल्ली एयरपोर्ट पर तीन घंटे से ज्यादा बैठाकर रखा गया। कोई सुनने वाला नहीं था। बच्चे परेशान हो गए।
मनीष सोलंकी, एआइ 435
फ्लाइट के यात्री
सुबह जल्दी दिल्ली एयरपोर्ट पहुंचे थे। पता चला फ्लाइट 4 से 5 घंटे लेट है। इससे भोपाल का शेड्यूल बिगड़ गया।
प्रियंका गौतम, एआइ 435
फ्लाइट की यात्री
मॉर्निंग फ्लाइट होने से मैं जल्दी एयरपोर्ट पहुंच गया था। मीटिंग में समय से नहीं पहुंच पाया।
अरविंद मेहरा, एआइ 435 के यात्री
शनिवार सुबह सर्वर मेन्टेन्स के दौरान एयर इंडिया की उड़ानें प्रभावित हुईं। यात्रियों को हुई परेशानी के लिये हमें खेद है।
जूलियस बोमन, सीनियर मैनेजर, कॉरपोरेट कम्युनिकेशन ,एसआइटीए