भोपाल. पूरे देश और प्रदेश में भ्रष्ट्राचार चरम पर है। एेसे में आम आदमी पार्टी ईमानदार राजनीति कर रही है, जो पुरानी राजनीतिक पार्टियों के लिए सिरदर्द बन गई है। एेसे में दोनों बड़ी पार्टियां एक होकर हमारे खिलाफ खड़ी हो गई हैं। हम जिनके खिलाफ लड़ रहे हैं वो हर तरह से सक्षम लोग हैं। एेसे में हमें अधिक मेहनत और पूरी ईमानदारी से इनके खिलाफ खड़ा होना होगा। यह बात आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय प्रवक्ता आशुतोष ने कही। वे रविवार को इकबाल मैदान में आयोजित प्रदेश स्तरीय कार्यकर्ता सम्मेलन को संबोधित कर रहे थे। दोपहर करीब 12 बजे शुरू हुए सम्मेलन में प्रदेशभर से सैकड़ों की तादाद में महिला और पुरुष कार्यकर्ता शामिल होने पहुंचे थे। दोपहर करीब ढाई बजे जब आशुतोष आयोजन स्थल पर पहुंचे तो पंडाल तालियों की गडग़ड़ाहट से गूंज गया। आशुतोष ने पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि आप सरकार दिल्ली में बिजली, पानी, स्वास्थ्य और शिक्षा समेत तमाम क्षेत्रों में बेहतरीन काम कर रही है। जबकि, मध्यप्रदेश में बच्चे का जन्म प्रमाण पत्र और बुजुर्ग का मृत्यु प्रमाण पत्र लेने के लिए भी लोगों को रिश्वत देना पड़ती है, यह बेहद शर्मनाक है। आशुतोष ने कार्यकर्ताओं से कहा कि हम 2018 में मध्यप्रदेश में पूर्ण बहुमत से सरकार बनाएं। इसके लिए आप शिवराज सरकार के घोटाले, भ्रष्टाचार और किसानों की असल स्थिति की जानकारी प्रदेश की जनता तक पहुंचाएं। साथ ही दिल्ली में केजरीवाल सरकार द्वारा किए जा रहे कार्यों के बारे में भी लोगों को बताएं। मैं भरोसा दिलाता हूं कि हम यहां भी सरकार बनाएंगे।