भोपाल

MP में भारी बारिश के बाद रेलवे से लेकर सड़क मार्ग तक बदहाल, जहां-तहां रोकनी पड़ी ट्रेनें

मध्य प्रदेश में भारी बारिश का दौर जारी है। हालात ये हैं कि भारी बारिश के चलते मप्र के कई रेलवे ट्रैक उखड़ चुके हैं, तो कई सड़क मार्गों की हालत बदतर हो चुकी है। खासतौर पर धौलपुर और मुरैना में भारी बारिश का असर सबसे ज्यादा नजर आया है। इसके अलावा दिल्ली-भोपाल रूट पर कई ट्रेनों को रोका गया है, तो कई ट्रेनों को कैंसिल किया गया है

3 min read
Sep 16, 2023

मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार मध्य प्रदेश में भारी बारिश का दौर जारी है। हालात ये हैं कि भारी बारिश के चलते मप्र के कई रेलवे ट्रैक उखड़ चुके हैं, तो कई सड़क मार्गों की हालत बदतर हो चुकी है। खासतौर पर धौलपुर और मुरैना में भारी बारिश का असर सबसे ज्यादा नजर आया है। इसके अलावा दिल्ली-भोपाल रूट पर कई ट्रेनों को रोका गया है, तो कई ट्रेनों को कैंसिल किया गया है। भारी बारिश के चलते दिल्ली, गुजरात, राजस्थान से मध्य प्रदेश के बीच गुजरने वाली कई ट्रेनें प्रभावित हैं। कई जगहों पर भारी बारिश से रेलवे ट्रैक भी उखड़ गए हैं। इसका असर ट्रेनों पर पड़ा है। शताब्दी और वंदेभारत ट्रेन भी देरी से चल रही है। इसके कारण ट्रेन यात्रियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

ट्रेनों का बदला रूट

जानकारी के मुताबिक, भारी बारिश के कारण धौलपुर और मुरैना के बीच पटरी से मिट्टी का कटाव हो गया है इसके कारण रेलवे ट्रैक को काफी नुकसान पहुंचा है। इस मार्ग से गुजरने वाली लंबी दूरी की ट्रेनें सबसे ज्यादा प्रभावित होती हैं। इसके चलते कुछ ट्रेनों का रूट बदला तो, कुछ को रद्द कर दिया गया है। धौलपुर और मुरैना के बीच रेल ट्रैक उखड़ चुका है। कई ट्रेनों को जहां-तहां रोक दिया गया है। बीना इटारसी के रूट से दिल्ली मुंबई जाने वाली कई ट्रेनें धीमी गति से चल रही हैं। जिससे वे अपने गंतव्य स्थल पर देरी से पहुंच रही हैं। उधर बैरागढ़ से रतलाम रूट पर जाने वाली कई ट्रेनों के लेट होने के कारण अन्य ट्रेनों के टाइम शेड्यूल भी गड़बड़ा गए हैं।

उधर रतलाम रेल मंडल में लगातार दूसरे दिन रेल दुर्घटना हुई। दिल्ली मुम्बई रेल मार्ग के रतलाम गोधरा के बीच दुरंतो यात्री ट्रेन का इंजन पटरी से उतर गया। जिससे गुजरात, राजस्थान, मुंबई का रूट प्रभावित हुआ है। वहीं रेलवे के जिम्मेदारों का कहना है कि बारिश थमते ही रूट सामान्य करने की कोशिश की जाएगी। लेकिन बारिश नहीं थमी तो हालात और बिगड़ सकते हैं। उधर, मौसम विभाग का कहना है कि तेज बारिश का दौर जल्द ही थम सकता है, लेकिन सामान्य बारिश जारी रहेगी।

फ्लाइट भी हो रहीं लेट

मप्र में भारी बारिश के कारण मौसम में धुंध और घने बादलों के कारण हवाई यात्रा भी प्रभावित हुई है। दिल्ली और मुंबई से भोपाल आने वाली फ्लाट्स कम विजिबिलिटी के कारण लेट पहुंची।

अगले 24 घंटे के लिए जारी किया हाई अलर्ट

मौसम विभाग ने अगले 24 घंटे के लिए छिंदवाड़ा जिले में हाई अलर्ट जारी किया है। मौसम विभाग से मिली जानकारी के अनुसार तेज हवाओं के साथ भारी बारिश हो सकती है। ऐसे में विभाग ने लोगों से अपील की है कि वे नदी-नालों के किनारे न जाएं।

सड़क मार्ग के भी प्रभावित

इंदौर से खंडवा का संपर्क टूटा

मध्यप्रदेश के कई जिलों में शुक्रवार से शुरू हुई भारी बारिश के चलते नर्मदा नदी खतरे के निशान से ऊपर बह रही है। सुरक्षा को देखते हुए इंदौर खंडवा राजमार्ग मोरटक्का पुल (ओंकारेश्वर रोड़) से आवागमन पूरी तरह से बंद कर दिया गया है। खरगोन सहित कई जिलों में स्कूलों में अवकाश घोषित कर दिया गया है। उज्जैन में क्षिप्रा उफान पर है। यहां घाट पर मंदिर डूब गए हैं।एमपी के धार में भारी बारिश के कारण हालात बेहद बुरे हो गए हैं। यहां तेज बरसात के कारण भूस्खलन भी हो रहा है, पहाड़ों से पत्थर दरक रहे हैं, रोड पर चट्टानें गिर रहीं हैं। इसके कारण धरमपुरी मांडू रोड पर आवागमन बंद हो गया है। उधर नर्मदापुरम के बांद्राभान में पुलिया के ऊपर 2 फ़ीट पानी बह रहा है। मालाखेड़ी से बान्द्राभान मार्ग बन्द हो गया है। नर्मदापुरम कलेक्टर नीरज कुमार सिंह ने बताया कि जिले में अभी बाढ़ की स्थिति ऐसी नहीं है कि लोगों को राहत शिविरों या उच्च स्थान पर शिफ्ट किया जाए। यहां ग्राम जमुनिया में चार लोग बाढ़ के पानी में फंस गए थे। उन्हें सुरक्षित निकाल लिया गया है।

यहां बारिश का रेड अलर्ट

मौसम विभाग ने शनिवार को छिंदवाड़ा, निवाड़ी, रायसेन, नर्मदापुरम, बैतूल, हरदा, बुरहानपुर और खरगोन में बारिश का रेड अलर्ट जारी किया है। इन जिलों में 204.5 मिमी से ज्यादा बारिश होने का अनुमान है।

इन जिलों में ऑरेंज अलर्ट जारी

शनिवार को जबलपुर, अलीराजपुर, मंडला, बालाघाट, सागर, टीकमगढ़, निवाड़ी, विदिशा, सीहोर, भोपाल, राजगढ़, खंडवा, बड़वानी, अलीराजपुर, झाबुआ, धार, इंदौर, रतलाम, रायसेन, शाजापुर, देवास, आगर मालवा और मंदसौर जिलों में अति भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। मौसम विभाग ने इन जिलों में 115.4 मिमी से 204.4 मिमी बारिश होने का अनुमान है। यहां यलो अलर्ट मौसम विभाग ने सीधी, मंडला, रायसेन, उमरिया, डिंडोरी, कटनी, पन्ना, दमोह, जबलपुर, नीमच, गुना, शिवपुरी, अशोकनगर, दतिया, भिंड और श्योपुर में गरज-चमक के साथ मध्यम से भारी बारिश का यलो अलर्ट जारी किया है।

Updated on:
16 Sept 2023 02:30 pm
Published on:
16 Sept 2023 01:04 pm
Also Read
View All

अगली खबर