-भेड़ाघाट बाइपास पर सर्विस लेन में हुई घटना-सहपाठी छात्र गंभीर घायल, मेडिकल में भर्ती- ट्रक में फंसी मेडिकल छात्रा,मौत
जबलपुर। दिल्ली जैसा दिल दहला देने वाला हादसा शहर के भेड़ाघाट- तिलवारा नेशनल हाईवे की सर्विस लेन पर बुधवार रात हुआ। ट्रक में फंसी मेडिकल छात्रा 50 मीटर तक घिसटती रही पर चालक ने ट्रक नहीं रोका। इस हादसे में छात्रा की मौके ही मौत हो गई और क्षत-विक्षत शव सड़क से बरामद किया गया। वहीं, उसका सहपाठी छात्र गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे मेडिकल कॉलेज अस्पताल में दाखिल कराया गया है।
भेड़ाघाट से तिलवारा की ओर आ रही थी छात्रा
जानकारी के अनुसार शहडोल निवासी रूबी ठाकुर नेताजी सुभाष चंद्र बोस मेडिकल कॉलेज में तृतीय वर्ष की छात्रा थी। वह सहपाठी मेडिकल छात्र रीवा निवासी सौरभ ओझा के साथ रात दस बजे बाइक से भेड़ाघाट से तिलवारा की ओर आ रही थी। बाइक चला रहा सौरव सर्विस लेन में बाइक लेकर आगे बढ़ रहा था तभी ट्रक चालक ने उसे चपेट में ले लिया। सौरभ तो टक्कर से उछलकर दूर जा गिरा पर रूबी ठाकुर ट्रक के नीचे आ गई और फंसकर घिसटने लगी। लेकिन चालक ने ट्रक नहीं रोका बल्कि गति बढ़ा दी। इससे 50 मीटर तक घिसटती मेडिकल छात्रा का शरीर क्षत-विक्षत हो गया और मौके पर ही मौत हो गई।
50 मीटर तक फैले टुकड़े
हादसा इतना वीभत्स था कि देखने वालों की रूह कांप उठी। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक 50 मीटर तक शरीर के अवशेष और रक्त फैला हुआ था। स्थानीय लोगों की सूचना पर गढ़ा पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घायल सौरभ को अस्पताल भेजा। वहीं, मेडिकल छात्रा के अवशेष समेटकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा।
ट्रक लेकर भागा चालक
हादसे के बाद भीड़ बढ़ती देख चालक ट्रक की रफ्तार तेज कर भाग निकला। गढ़ा थाना प्रभारी राकेश तिवारी ने बताया कि मौके पर रहे लोगों ने 14 चका ट्रक होने और उसके चालक के बरगी तरफ भागने की सूचना दी गई है। जिसके आधार पर थानों को सूचना देकर नाकाबंदी कराई गई है। हादसे की जानकारी लगते ही सौरभ और रूबी के सहपाठियों समेत कॉलेज के प्रोफेसर व डॉक्टर्स बड़ी संख्या में अस्पताल पहुंच गए।