चार दिन बाद खुला हत्या का राज...आरोपी साले को पुलिस ने किया गिरफ्तार...
भोपाल. भोपाल में चार दिन पहले हुई हत्या की एक वारदात का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। जिस शख्स की हत्या की गई थी वो आरोपी का जीजा था। आरोपी साले ने जीजा को डंडे से बेरहमी से पीटा था जिसके कारण बाद में इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई थी। वारदात की वजह चौंका देने वाली है। पुलिस ने आरोपी साले को गिरफ्तार कर लिया है जिसने अपना जुर्म भी कबूल कर लिया है। घटना शहर के बिलखिरिया थाना इलाके की है।
ये है पूरा मामला
पुलिस के मुताबिक बिलखिरिया थाना इलाके के छावनी पठार का रहने वाला कमलेश अहिरवार निजी काम करता था। हमीदिया अस्पताल से 14 जनवरी को कमलेश की मौत होने की जानकारी पुलिस को मिली थी। पीएम रिपोर्ट में मृतक के शरीर पर चोट के निशान थे। फोरेंसिक टीम ने मृतक के घर की जांच की और आसपास के लोगों से पूछताछ की। इस दौरान पता चला कमलेश की पत्नी का भाई राकेश अहिरवार उसके साथ में रहता है। 12 जनवरी की रात को राकेश का उसका जीजा कमलेश से विवाद भी हुआ था और उसे साले ने डंडे से पीटा था।
'जीजा कहता था उस पर देवताओं का साया है'
पुलिस की तफ्तीश में ये भी पता चला कि साले राकेश के पीटने के बाद कमलेश की पत्नी ने घर पर पति का इलाज भी किया लेकिन पहले से अस्थमा का मरीज होने के कारण उसकी तबियत बिगड़ती चली गई। 13 जनवरी को पत्नी उसे हमीदिया अस्पताल लेकर पहुंची। जहां उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने बताया कि मृतक के साले राकेश को हिरासत में लेकर पूछताछ की, तो पता चला कि 12 जनवरी को रात को बेटे के हाथ टूटने को लेकर विवाद हुआ था। कमलेश अपने ऊपर देवताओं का साया बताकर चिल्लाने भी लगता था। इस पर गुस्से में उसने अपने जीजा को डंडे से मारपीट करते हुए उनका सिर दीवार से टकरा दिया था।
देखें वीडियो- पापा की बंदूक से नाबालिग बेटे ने मां को मारी गोली