राजधानी भोपाल से छिड़ा यह पोस्टर वार अब इंदौर तक पहुंच गया है। वांटेड कमलनाथ के पोस्टर्स शुक्रवार देर रात इंदौर में भी कई सार्वजनिक जगहों पर नजर आए। हालांकि अब तक यह नहीं पता चल सका है कि कौन है जो इन पोस्टर्स को चस्पा करवा रहा है।
इंदौर। मध्य प्रदेश में विधानसभा चुनाव से पहले बीजेपी-कांग्रेस के बीच पोस्टर वार अब तूल पकड़ता नजर आ रहा है। इस पोस्टर वार को लेकर दोनों ही पार्टियां आमने-सामने आ गई हैं और एक-दूसरे पर भ्रष्टाचार के आरोप लगाते नजर आ रहे हैं। राजधानी भोपाल से छिड़ा यह पोस्टर वार अब इंदौर तक पहुंच गया है। वांटेड कमलनाथ के पोस्टर्स शुक्रवार देर रात इंदौर में भी कई सार्वजनिक जगहों पर नजर आए। हालांकि अब तक यह नहीं पता चल सका है कि कौन है जो इन पोस्टर्स को चस्पा करवा रहा है।
पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ के खिलाफ शनिवार को इंदौर के कई इलाकों में विवादित पोस्टर चिपके मिले, जिसमें उन्हें 'वांटेड' और 'भ्रष्ट' बताया गया है। कमलनाथ की तस्वीर वाले इन पोस्टरों में स्कैन कोड भी लगे हैं और लिखा है 'स्कैम से बचने के लिए स्कैन करें' और 'भ्रष्ट नाथ' के कांड जानें। इसके अलावा, इन पोस्टरों में यह भी आरोप लगाया गया है कि कमलनाथ ने करोड़ों रुपए के घोटाले किए हैं।
इन सार्वजनिक स्थानों पर लगे पोस्टर
इंदौर के रेलवे स्टेशन, बस स्टैंड और शहर के कई स्थानों पर इन पोस्टरों को चस्पा किया गया है। ये पोस्टर किसने और कब लगाए, ये अभी तक पता नहीं चल सका है। लेकिन इन पोस्टरों से यह तो समझ आ ही गया है कि आगामी विधानसभा चुनावों में भ्रष्टाचार एक बड़ा मुद्दा रहने वाला है।
भोपाल से लगना शुरू हुए थे पोस्टर
इससे पहले प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान और पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ के खिलाफ शुक्रवार को भोपाल में पोस्टर चिपके मिले थे। कमलनाथ के खिलाफ इन पोस्टरों के सामने आने के कुछ ही देर बाद मुख्यमंत्री चौहान की तस्वीर वाले दो विवादित पोस्टर भोपाल में कांग्रेस कार्यालय से कुछ ही दूरी पर पर लगे मिले। इन पोस्टरों में से एक पर लिखा था,- 'शिवराज नहीं, घोटाला राज' और 'शिवराज के 18 साल, घपले और घोटालों की भरमार।'
कमलनाथ ने सीएम को बताया सबसे भ्रष्ट
इन पोस्टरों के लगने के बाद दोनों दलों में जुबानी जंग छिड़ गई है। विवादित पोस्टरों को गंभीरता से लेते हुए कमलनाथ ने भाजपा पर पलटवार करते हुए कहा कि हमारे देश में सबसे भ्रष्ट सरकार मध्य प्रदेश की है। सबसे भ्रष्ट मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान हैं। उन्होंने कहा वह मुझे नीचा दिखाना चाहते हैं, लेकिन वह मुझे कभी नीचा नहीं दिखा पाएंगे। उन्होंने कहा कि मुझ पर राजनीतिक जीवन में कोई आरोप नहीं लगे हैं।