
विभिन्न मांगों को लेकर कर्मचारियों का प्रदर्शन, तुलसी उद्यान के पास हुई सभा कर्मचारियों की मांगों
भोपाल. नियमितीकरण, वेतनमान सहित विभिन्न मांगों को लेकर रविवार को मप्र कर्मचारी मंच की ओर से जनआक्रोश रैली निकाली गई। यह रैली तुलसी नगर क्षेत्र में निकाली गई जो इस क्षेत्र में सरकारी दफ्तरों और अधिकारियों के आवास के सामने से होते हुए गुजरी। इस मौके पर एक सभा का आयोजन किया गया, इसमें विभिन्न मांगों को लेकर कर्मचारियों ने आवाज बुलंद की। इस रैली और प्रदर्शन में विभिन्न स्थानों से कर्मचारियों ने भाग लिया। रैली नवीन कन्या विद्यालय, जिला शिक्षा अधिकारी कार्यालय सहित तुलसी नगर स्थित अधिकारियों के आवासों के सामने से वापस तुलसी उद्यान पहुंची। मंच के अशोक पांडे ने बताया कि जब तक हमारी मांगे पूरी नहीं होती, तो आने वाले समय में उग्र आंदोलन करेंगे। इस मौके पर बीके शर्मा प्रदेश महासचिव बैंक एम्पलाइज एसोसिएशन , कामरेड रामराज तिवारी इंटक भेल,उमाशंकर तिवारी प्रांतीय सचिव मध्यप्रदेश तृतीय वर्ग कर्मचारी संघ सहित अनेक कर्मचारी मौजूद थे।
लंबे समय से कर रहे मांग
मध्यप्रदेश कर्मचारी मंच के प्रांत अध्यक्ष अशोक पांडे ने बताया कि राज्य सरकार के सामने छोटे संवर्ग के अनियमित कर्मचारी लंबे समय से अपनी मांगों को रख रहे हैं, लेकिन सरकार मांगों को संज्ञान में लेकर उन्हें मंजूर नहीं कर रही है। इसके कारण प्रदेश के छोटे संवर्ग के अनियमित कर्मचारियों में सरकार के विरुद्ध आक्रोश व्याप्त है। इस रैली के दौरान इंकलाब जिंदाबाद, कर्मचारी एकता जिंदाबाद, शौक नहीं मजबूरी है अब आंदोलन बहुत जरूरी है, अभी तो यह अंगड़ाई है आगे और लड़ाई है के नारे प्रमुखता से लगा रहे थे। कर्मचारियों ने चेतावनी दी है कि अगर हमारी मांग पूरी नहीं हुई तो आने वाले दिनों में और उग्र प्रदर्शन किया जाएगा।
Published on:
10 Apr 2023 07:38 pm

बड़ी खबरें
View Allभोपाल
मध्य प्रदेश न्यूज़
ट्रेंडिंग
