भोपाल

मुख्यमंत्री के ‘जासूस’ बनने से हर माह हजारों की कमाई, 5 हजार युवाओं को मिलेगा मौका

मुख्यमंत्री जनसेवा मित्र: इंटर्न को प्रतिमाह 8,000 रुपए मिलेगा स्टाइपेंड, 4 हजार 695 मुख्यमंत्री के 'जासूस'

less than 1 minute read
Jan 31, 2023
मुख्यमंत्री जनसेवा मित्र

भोपाल. मध्यप्रदेश में करीब 5 हजार युवाओं को आकर्षक काम मिल सकता है जिसमें हजारों की कमाई भी होगी. प्रदेश में एक फरवरी से यूथ इंटर्न (सीएम के जासूस) की नियुक्ति की जाएगी। यूथ इंटर्न जिलों के साथ सभी 313 विकासखंडों में तैनात किए जाएंगे। ये प्रदेश में सरकारी योजनाओं के क्रियान्वयन और जमीनी आंकड़े जुटाकर सीधे सरकार को भेजेंगे।

अटल बिहारी वाजपेयी सुशासन संस्थान की मुख्यमंत्री यूथ इंटर्नशिप फॉर प्रोफेशनल डेवलपमेंट प्रोग्राम (सीएम-वायपीडीपी) योजना में 4695 ग्रेजुएट्स की चयन प्रक्रिया पूरी हो गई है। एक फरवरी को इन्हें ज्वाइन कराया जाएगा। हर विकासखंड में 15-15 यूथ इंटर्न होंगे, जो जिलों में तैनात सीएम रिसर्च एसोसिएट (सीएम-आरए) को रिपोर्ट करेंगे। इन्हें 8 हजार रुपए प्रतिमाह स्टाइपेंड दिया जाएगा।

इसके लिए प्रदेश के कॉलेजों से छात्र-छात्राओं के रजिस्ट्रेशन कराए गए थे। इस योजना का लाभ लेने के लिए कॉलेज छात्र-छात्राओं से 30 दिसंबर तक आवेदन मांगे गए थे। आवेदन की स्क्रूटनी के बाद हर जिले से 250 विद्यार्थियों को इंटरव्यू के लिए बुलाया था। 6 से 8 जनवरी तक करीब 13 हजार विद्यार्थियों के इंटरव्यू लिए गए। इंटरव्यू के बाद 4695 छात्र-छात्राओं का चयन इंटर्नशिप के लिए किया है।

गौरतलब है कि सरकार युवाओं को रोजगार देने और उन्हें कुशल बनाने मुख्यमंत्री युवा इंटर्नशिप योजना लाई है। इसके तहत युवाओं को मुख्यमंत्री जनसेवा मित्र बनने का मौका मिलेगा। इसके लिए युवाओं को प्रतिमाह 8,000 रुपए बतौर स्टाइपेंड दिए जाएंगे।

एक ब्लॉक में नियुक्त होंगे 15 युवा
एमपी सरकार मुख्यमंत्री युवा इंटर्नशिप योजना के तहत पूरे प्रदेश में 4 हजार 695 युवाओं का चयन किया गया है। आवेदकों की पात्रता जांच के बाद राज्य के प्रत्येक विकासखंड में 15 इंटर्न रखे जाना है। जनसेवा मित्रों को विकासखंडों में काम करने का मौका मिलेगा।

Published on:
31 Jan 2023 09:37 am
Also Read
View All

अगली खबर