टैटू बनाना भी अपने आप में एक कला है। कई लोग इसके लिए बकायदा सालों प्रशिक्षण लेते हैं। 14 वर्षीय सत्यम विशेंद्रे ऐसे हैं, जिन्होंने कहीं भी टैटू बनाने का प्रशिक्षण नहीं लिया है, लेकिन हर तरह के टैटू बनाने में माहिर हो गए हंै। कक्षा नौवीं के छात्र सत्यम की इस कला का अंदाजा इसी से लगाया जा सकता है कि वह अपने स्कूल के साथ ही कई कॉलेजों और सार्वजनिक कार्यक्रम हिस्सा देकर ढेरों लोगों को मुफ्त में टैटू बना चुके हैं। हाल ही में उन्होंने कोलार में आयोजित एक कार्यक्रम में भी कई लोगों को टैटू बनाए, जिसकी काफी प्रशंसा हुई। सत्यम इसी क्षेत्र में कॅरियर बनाना चाहते हैं। इसके लिए वह काफी मेहनत भी कर रहे हैं। सत्यम बताते हैं कि वह आगे जाकर मॉर्बल कॉमिक्स (बच्चों के सीरियल) के लिए टैटूज बनाना चाहते हैं। सत्यम बताते हैं कि अभी वह अलग-अलग रंग के मार्कर से दो से तीन दिन में मिट जाने वाले टैटू बनाते हैं।